दरभंगा सदर से अशोक झा की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा सदर के दोनार इंडस्ट्रियल एरिया से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहाँ नामी-गिरामी ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली चिप्स और स्नैक्स तैयार कर बाजार में खपाने के एक बहुत बड़े काले कारोबार का पर्दाफाश हुआ है. स्थानीय पुलिस और दिल्ली से आई कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम ने एक अवैध फैक्ट्री पर अचानक छापेमारी की. इस दौरान मौके से भारी मात्रा में डुप्लीकेट खाद्य उत्पाद, नकली रैपर और पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई है. इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.
नामी ब्रांड की हूबहू नकल, कंपनी को लगा करोड़ों का चूना
जानकारी के अनुसार, बाजार में प्रसिद्ध स्नैक्स ब्रांड के नाम और पैकेजिंग की हूबहू नकल कर निम्न गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार किए जा रहे थे. इन्हें असली ब्रांड बताकर स्थानीय और ग्रामीण बाजारों में धड़ल्ले से सप्लाई किया जा रहा था. कंपनी को पिछले कई महीनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बाजार में उनके नाम पर नकली माल बिक रहा है. आंतरिक जांच के बाद दिल्ली से आई विशेष टीम ने दरभंगा पुलिस के सहयोग से जाल बिछाकर इस अवैध कारखाने पर धावा बोल दिया.
पैकिंग मशीनें सील, संचालकों की तलाश में जुटी पुलिस
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से बड़ी संख्या में तैयार पैकेट, विभिन्न ब्रांडों के छपे हुए रैपर और ऑटोमैटिक पैकिंग मशीनें जब्त की गई हैं. पुलिस ने बरामद सामान को सील कर जांच के लिए सुरक्षित भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था, जिससे मूल कंपनी को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है. पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि इन नकली खाद्य उत्पादों की सप्लाई कहां-कहां की गई थी, ताकि उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मुख्य संचालकों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
