दरभंगा: ‘झील’ बना DMCH, बारिश ने खोली व्यवस्था की पोल, इमरजेंसी विभाग में पानी-ही-पानी

Darbhanga News: लगातार बारिश के बाद डीएमसीएच परिसर में कई जगहों पर जलजमाव हो गया है. मरीजों, परिजनों, डॉक्टरों और छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ी है. अस्पताल के वार्ड, ओपीडी और छात्रावास परिसर पानी से भर गए हैं. पढे़ं पूरी खबर…

दरभंगा से सतीश कुमार की रिपोर्ट

Darbhanga News: दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में बारिश ने एक बार फिर व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है. शुक्रवार सुबह से हुई लगातार बारिश के बाद अस्पताल परिसर के कई हिस्सों में पानी भर गया, जिससे मरीजों, उनके परिजनों, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जलजमाव की वजह से अस्पताल में सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित होती नजर आईं.

अस्पताल के कई हिस्से बने तालाब

पुराना इमरजेंसी ओपीडी

बारिश के बाद प्राचार्य कार्यालय परिसर, औषधि विभाग, शिशु विभाग, पुराना गायनिक वार्ड, पुराना इमरजेंसी, ओपीडी और छात्रावास परिसर में पानी जमा हो गया. कई जगहों पर हालात ऐसे हो गए कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है.

मरीजों को शिफ्ट करने में आई दिक्कत

जलजमाव का असर मरीजों की देखभाल पर भी पड़ा है. एक वार्ड से दूसरे वार्ड तक मरीजों को ट्रॉली से ले जाने में स्वास्थ्यकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी है. कई जगह ट्रॉली को पानी के बीच धकेलकर ले जाना पड़ा, जिससे मरीजों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

छात्राओं ने चारपाई को बनाया रास्ता

यूजी महिला छात्रावास के प्रवेश द्वार पर पानी भर जाने के कारण छात्राओं को आने-जाने के लिए फोल्डिंग चारपाई का सहारा लेना पड़ा. पुरुष छात्रावास की स्थिति भी इससे अलग नहीं रही. छात्र-छात्राओं को जलजमाव के बीच काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. औषधि विभाग परिसर से पानी निकालने के लिए दमकल की मदद ली गई, लेकिन यह केवल अस्थायी समाधान साबित हुआ. बारिश के बाद एक बार फिर अस्पताल परिसर में जलनिकासी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >