मिथिला की महान सभ्यता पर हम सबको गर्व: बिरौल में डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने किया हरिनाथ मिश्र सभागार का लोकार्पण

Darbhanga News: बिरौल के द्रव्येश्वर नाथ महाविद्यालय परिसर में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने विधायक ऐच्छिक कोष से बने पंडित हरिनाथ मिश्र सभागार का लोकार्पण किया. उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के सर्वांगीण विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है तथा मिथिला की सांस्कृतिक विरासत पर पूरे बिहार को गर्व है.

दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट

Darbhanga News: बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने शुक्रवार को बिरौल प्रखंड के देवकुली स्थित द्रव्येश्वर नाथ महाविद्यालय परिसर में विधायक ऐच्छिक कोष से निर्मित पंडित हरिनाथ मिश्र सभागार का लोकार्पण किया. इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना किसी भी समाज, राज्य या देश का समग्र विकास संभव नहीं है. शिक्षा ही समाज को जोड़ने की सबसे मजबूत कड़ी है.

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरिनाथ मिश्र और पूर्व मुख्यमंत्री विनोदानंद झा को किया नमन

उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत बेनीपुर के पूर्व विधायक एवं बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष स्व. पंडित हरिनाथ मिश्र तथा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. पंडित विनोदानंद झा को श्रद्धांजलि अर्पित कर की. उन्होंने कहा कि बेनीपुर की धरती महान विभूतियों की जन्मस्थली रही है, जिनकी ईमानदारी, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा आज भी प्रेरणा देती है. उन्होंने मिथिला की संस्कृति को देश की अमूल्य धरोहर बताते हुए उस पर गर्व व्यक्त किया.

शिक्षा को बताया समाज परिवर्तन का आधार

विजय कुमार चौधरी ने कहा कि समाज के दुख-दर्द को समझने और विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने कहा कि भले आज समस्तीपुर और मधुबनी अलग-अलग जिले हों, लेकिन दोनों का ऐतिहासिक संबंध एकीकृत दरभंगा से रहा है और मिथिला की सांस्कृतिक पहचान पूरे देश में विशिष्ट है.

विधायक विनय चौधरी की कार्यशैली की सराहना

उप मुख्यमंत्री ने बेनीपुर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे सादगी, ईमानदारी और शिक्षा के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि हैं. उन्होंने कहा कि विधानसभा में शिक्षा से जुड़े विषयों पर उनकी सक्रिय भूमिका हमेशा सराहनीय रही है. साथ ही समाजसेवी जितेंद्र कुमार राय के प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित सभागार का उद्घाटन कर वे स्वयं को भारमुक्त महसूस कर रहे हैं.

सरकार की उपलब्धियों का किया उल्लेख

उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और विधि-व्यवस्था के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायत से लेकर विश्वविद्यालय तक शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना की गई है. महिला उत्थान के क्षेत्र में बिहार के कार्यों की प्रशंसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं. उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन के कारण बिहार की नई पहचान बनी है.

जनप्रतिनिधियों ने भी रखे विचार

कार्यक्रम को दरभंगा ग्रामीण विधायक ईश्वर मंडल ने भी संबोधित किया और विजय कुमार चौधरी को कुशल संगठनकर्ता बताया. बेनीपुर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने कहा कि उप मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन उन्हें हमेशा मिलता रहा है तथा उनके सहयोग से क्षेत्र में कई विकास योजनाओं को स्वीकृति मिली है.

कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष रामशंकर सिंह, प्रखंड अध्यक्ष राजेश चौधरी, हरे राम राय गोलू, चंद्रशेखर राय, गौरव राय, राजकरण मुखिया, अशोक राय, कौशल राय, प्रो. अवन कुमार राय, पिंटू झा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन शिक्षक राकेश रोशन ने किया तथा अतिथियों को पाग और चादर देकर सम्मानित किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >