Darbhanga News: दरभंगा में आम का छिलका फेंकने पर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से पीटकर किशोरी को उतारा मौत के घाट

Darbhanga News: दरभंगा के बिरौल में आम का छिलका फेंकने के मामूली विवाद में पड़ोसियों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस मारपीट में गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय किशोरी की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई.पढे़ं पूरी खबर…

Darbhanga News: बिहार के दरभंगा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बिरौल थाना क्षेत्र के नेउरू टोल दाथ गांव में आम का छिलका फेंकने के मामूली विवाद में एक ही परिवार के लोगों पर उनके पाटीदारों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया. इस हिंसक झड़प में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें से एक 18 वर्षीय किशोरी बेबी कुमारी की पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतका की बड़ी बहन खुशबू देवी के बयान पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है.

मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप

घटना 27 मई की शाम करीब 5 बजे की है. पीड़िता खुशबू देवी के अनुसार, उनके बच्चे ने अनजाने में घर के बगल में आम का छिलका फेंक दिया था. इस बात पर पड़ोसी रंजीत सहनी गाली-गलौज करने लगा. खुशबू देवी ने जब कहा कि बच्चा नादान है और वह छिलका हटा देगी, तो आरोपी रंजीत सहनी, उसकी पत्नी तेतरी देवी, पुत्र अजय सहनी, पुत्री मनीषा कुमारी और भाभी भूकली देवी लाठी-डंडे लेकर आ गए और पूरे परिवार पर टूट पड़े.

सिर पर वार से गई जान, आरोपी फरार

आरोपियों ने खुशबू देवी और उनकी 18 वर्षीय बहन बेबी कुमारी के सिर पर लाठी से जोरदार वार किया. बीच-बचाव करने आई मां रेनू देवी का हाथ तोड़ दिया गया और 16 वर्षीय छोटी बहन पिंकी कुमारी का भी सिर फोड़ दिया गया. इलाज के लिए बेबी कुमारी को पटना रेफर किया गया था, जहां वेंटिलेटर पर रहने के बाद गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया. घटना के बाद से सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं. पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतका के पिता मानसिक रूप से बीमार हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है. थाना प्रभारी चंद्रमणि ने बताया कि मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >