Darbhanga: बहन की विदाई से पहले उठी भाई की अर्थी, घर की खुशियां मातम में बदलीं

Darbhanga News: दरभंगा के परसरमा गांव में बहन की विदाई से पहले भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई. सड़क दुर्घटना उस समय हुई जब युवक शादी की रस्म का सामान लेने बाजार जा रहा था. इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. पढ़ें पूरी खबर…

दरभंगा गौड़ाबौराम से मनोज कुमार साह की रिपोर्ट

Darbhanga News: दरभंगा जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत परसरमा गांव में उस वक्त कोहराम मच गया, जब एक युवक का शव उसके घर पहुँचा. मृतक की पहचान सचिंदर राम के 23 वर्षीय पुत्र अश्वनी कुमार राम के रूप में हुई है. अश्वनी की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं. शव को देखने के लिए पूरे गांव की भीड़ उमड़ पड़ी.

सामान खरीदने जाने के दौरान हुआ हादसा

बताया जाता है कि अश्वनी सोमवार की देर शाम अपनी बहन की ‘भतखइ’ (एक वैवाहिक रस्म) के लिए सामग्री खरीदने सुपौल बाजार जा रहा था. वह अपने दोस्त अमित सदा के साथ बाइक पर सवार था. इसी दौरान बिरौल थाना क्षेत्र के सोनपुर के समीप एसएच 17 पर एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बिरौल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों ने अश्वनी को मृत घोषित कर दिया.

शादी के 10 दिन पहले मुंबई से आया था घर

अश्वनी दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था और मुंबई में मजदूरी करता था. अपनी बहन कविता की शादी में शामिल होने के लिए वह 10 दिन पहले ही घर आया था. चार दिन पहले ही उसकी बहन की शादी हुई थी और मंगलवार को उसे अपनी बहन की विदाई कराने जाना था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. विदाई की रस्म से पहले ही भाई की अर्थी उठ गई.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

अश्वनी की मौत से माँ पानो देवी, भाई राहुल और बहन कविता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है. इधर, बिरौल पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी है और पिकअप चालक की तलाश की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >