दरभंगा: बिरौल प्रखंड की सियासत गरमाई, अविश्वास प्रस्ताव वाला शक्ति परीक्षण टला

Darbhanga News: दरभंगा के बिरौल प्रखंड में उप प्रमुख के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर होने वाली विशेष बैठक कोर्ट और डीएम के आदेश के बाद स्थगित कर दी गई. पिछले 15 दिनों से चल रहे राजनीतिक घमासान के बीच प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे. पढे़ं पूरी खबर…

दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट

Darbhanga News: बिरौल प्रखंड की राजनीति में शुक्रवार को उस समय बड़ा मोड़ आ गया, जब उप प्रमुख अपर्णा कुमारी के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर होने वाली विशेष बैठक अंतिम समय में स्थगित कर दी गई. बैठक प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में सुबह 11:30 बजे प्रस्तावित थी, लेकिन कोर्ट के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश के बाद इसे रद्द कर दिया गया. इस फैसले के बाद जहां उप प्रमुख समर्थकों ने राहत की सांस ली, वहीं विरोधी गुट में मायूसी देखी गई.

कोर्ट और डीएम के आदेश के बाद टली बैठक

बीडीओ प्रदीप कुमार झा ने बताया कि न्यायालय के निर्देश और डीएम दरभंगा के पत्र के आलोक में विशेष बैठक को स्थगित किया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अब नई बैठक नहीं होगी.

जानकारी के अनुसार, 14 मई को करीब एक दर्जन पंचायत समिति सदस्यों ने उप प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था. सदस्यों का आरोप था कि विकास योजनाओं में भेदभाव किया जा रहा है और बैठकों के संचालन में पारदर्शिता नहीं है. साथ ही पंचायत समिति सदस्यों की समस्याओं को नजरअंदाज करने का भी आरोप लगाया गया था.

15 दिनों से जारी था सियासी घमासान

अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पिछले दो हफ्तों से प्रखंड की राजनीति गर्म थी. चर्चा थी कि बागी गुट का नेतृत्व पूर्व प्रमुख मुकेश कुमार चौधरी कर रहे थे, जबकि उप प्रमुख अपर्णा कुमारी और उनके पति श्रवण सिंह अपनी रणनीति में जुटे थे. दोनों पक्ष अपने-अपने समर्थकों को एकजुट रखने में लगे थे.

प्रशासन ने किए थे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मतदान को देखते हुए प्रशासन ने पहले से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी थी. प्रखंड कार्यालय परिसर में दंडाधिकारी और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी. अविश्वास प्रस्ताव पारित करने के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी था. हालांकि बैठक स्थगित होने से फिलहाल शक्ति परीक्षण टल गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >