दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट
Darbhanga News: बिरौल थाना क्षेत्र के सुपौल-कुशेश्वरस्थान मुख्य मार्ग पर कॉलेज श्मशान घाट के समीप सोमवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान एक पेड़ सड़क पर गिर गया. इससे करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना मिलने पर बिरौल थाना के एएसआई गजेंद्र उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर पेड़ हटवाया और यातायात बहाल कराया.
जाम में फंसे रहे एसडीओ
घटना के समय बिरौल एसडीओ शशांक राज भी इसी मार्ग से गुजर रहे थे और जाम में फंस गए. सूचना मिलते ही एएसआई गजेंद्र उपाध्याय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
खुद पेड़ हटाने में जुट गए एएसआई
सड़क पूरी तरह बंद होने के कारण एएसआई गजेंद्र उपाध्याय ने बिना देर किए स्वयं एक स्थानीय व्यक्ति के साथ मिलकर पेड़ हटाने का कार्य शुरू किया. करीब 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को सड़क किनारे कर दिया गया, जिससे मार्ग पर आवागमन फिर से शुरू हो सका.
एंबुलेंस और स्कूली बच्चों को मिली राहत
रास्ता साफ होने के बाद सबसे पहले एसडीओ शशांक राज का वाहन निकला. इसके बाद अन्य वाहनों की आवाजाही भी सामान्य हो गई. जाम में फंसे एंबुलेंस, स्कूली बच्चों और अन्य यात्रियों को बड़ी राहत मिली.
लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना
स्थानीय लोगों ने एएसआई गजेंद्र उपाध्याय की कार्यशैली और तत्परता की प्रशंसा करते हुए कहा कि समय पर पुलिस नहीं पहुंचती तो बारिश के बीच लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती. उन्होंने इसे कर्तव्यनिष्ठा और मानवता की मिसाल बताया.
जर्जर पेड़ों को हटाने की मांग
थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि बरसात के मौसम में पेड़ गिरने की घटनाओं को देखते हुए पुलिस टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है. वन विभाग को भी सूचना दी गई है ताकि सड़क किनारे खड़े जर्जर पेड़ों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके. स्थानीय लोगों ने भी भविष्य में ऐसे हादसों से बचाव के लिए समय रहते कमजोर पेड़ों को हटाने की मांग की.
