Darbhanga News: बिहार के उच्च शिक्षा जगत से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. राजभवन सचिवालय ने राज्य के पांच प्रमुख विश्वविद्यालयों में कुलपति (वाइस चांसलर) पद पर नियुक्ति के लिए योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं. राज्यपाल सह कुलाधिपति के सचिव गोपाल मीणा द्वारा इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है. इन पदों पर आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 जून की शाम 6 बजे तक निर्धारित की गई है.
मुजफ्फरपुर, दरभंगा और छपरा समेत इन विश्वविद्यालयों में होगी बहाली
राजभवन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जिन पांच विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति की जानी है, उनमें बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (मुजफ्फरपुर), ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (दरभंगा), कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय (दरभंगा), भूपेन्द्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (मधेपुरा) तथा जय प्रकाश विश्वविद्यालय (छपरा) शामिल हैं. इन प्रतिष्ठित संस्थानों में नए शैक्षणिक नेतृत्व की तलाश शुरू हो चुकी है.
10 साल का अनुभव और अधिकतम 67 वर्ष की आयु सीमा अनिवार्य
कुलपति पद के लिए उम्मीदवारों का प्रतिष्ठित शिक्षाविद होना अनिवार्य है. इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रणाली में प्रोफेसर के रूप में कम-से-कम 10 वर्षों का अनुभव या किसी प्रतिष्ठित शोध/शैक्षणिक प्रशासनिक संस्थान में समकक्ष पद का कार्य अनुभव होना आवश्यक है. आवेदन की अंतिम तिथि तक अभ्यर्थी की आयु 67 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए. साथ ही उम्मीदवारों को किसी भी आपराधिक मामले में आरोप तय नहीं होने का स्व-घोषणा पत्र भी देना होगा. विस्तृत जानकारी राजभवन की वेबसाइट पर उपलब्ध है.
दरभंगा से प्रवीण कुमार चौधरी की रिपोर्ट
