काम के लिए घर से निकला था राजा, आम के पेड़ से लटका मिला शव

सिंहवाड़ा में काम की तलाश में घर से निकले राजा पासवान का शव आम के पेड़ से लटका मिला. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रही है. मामले की जांच जारी है.

सिंहवाड़ा: सिमरी थाना क्षेत्र की भराठी पंचायत के गौड़ा गांव स्थित मोती खां की गाछी में सोमवार को 30 वर्षीय राजा पासवान का शव आम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला. मृतक धनेश्वर पासवान का पुत्र और वार्ड संख्या तीन का निवासी था. शव मिलने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गयी. मृतक के पिता ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जतायी है.

रविवार दोपहर काम के लिए निकला था राजा

परिजनों के अनुसार, राजा रविवार दोपहर करीब दो बजे काम के सिलसिले में घर से निकला था. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे गांव की एक वृद्ध महिला जलावन लेने गाछी गयी थी. इसी दौरान उसकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी. महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी.

FSL और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल की जांच की

सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2, सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार और अपर थानाध्यक्ष शशि शंकर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. एफएसएल, डॉग स्क्वायड और तकनीकी टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाये.

प्रथम दृष्टया आत्महत्या, हत्या की आशंका की भी जांच

सदर एसडीपीओ-2 ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. परिजनों की ओर से जतायी गयी हत्या की आशंका की भी जांच की जा रही है.

उन्होंने बताया कि राजा के कुछ समय से परेशान रहने की बात सामने आयी है. उसने ईएमआई पर वाहन लिया था और किस्त चुकाने में परेशानी होने की बात भी सामने आयी है. हालांकि इसे आत्महत्या का निश्चित कारण नहीं माना जा सकता.

मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था राजा

राजा मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था. उसके परिवार में पत्नी रंजना देवी, तीन पुत्रियां और मां सोसी देवी हैं. बड़ी पुत्री संध्या पांच वर्ष, सोनाक्षी करीब ढाई वर्ष और सबसे छोटी दुर्गा नौ माह की है.

पति का शव देखकर रंजना देवी बार-बार बेहोश होकर चीत्कार मारकर रो रही थी. मासूम बेटियां भी पिता को याद कर बिलख रही थीं. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.

गाछी में जुआ खेलने की शिकायत, गश्ती बढ़ाने की मांग

घटनास्थल पर मुखिया प्रतिनिधि रामबाबू साह, सरपंच प्रतिनिधि सरफराज, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि महबूब आलम, सिमरी मुखिया दिनेश पासवान और पूर्व मुखिया भोला पासवान सहित अन्य ग्रामीण पहुंचे और परिजनों को ढाढ़स बंधाया.

ग्रामीणों ने बताया कि गाछी काफी अंदर है, जहां स्थानीय लोगों के अलावा बाहर से भी लोग आकर जुआ खेलते हैं. उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें

Chhath Puja 2026: हराही तालाब का निरीक्षण, नुकीले तार पर नगर आयुक्त ने लिया संज्ञान

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajay yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >