दरभंगा से नवेन्दु की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 4-5 पर सोमवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया. यात्री लिफ्ट अचानक खराब होने से महिला और बच्चों समेत 14 यात्री उसमें फंस गए. सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब नौ मिनट के रेस्क्यू अभियान के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
लिफ्ट रुकते ही मची अफरातफरी
जानकारी के अनुसार शाम करीब 5:08 बजे कई यात्री प्लेटफॉर्म संख्या 4-5 की लिफ्ट में सवार हुए. कुछ ऊपर पहुंचते ही लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई. बंद लिफ्ट में फंसे यात्रियों को घुटन महसूस होने लगी, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया और लिफ्ट पर अंकित आपातकालीन नंबर पर सूचना दी.
जीआरपी-आरपीएफ ने फाटक काटकर किया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी शिवशंकर यादव और आरपीएफ निरीक्षक पुखराज मीणा के नेतृत्व में संयुक्त टीम मौके पर पहुंची. बचाव दल ने लिफ्ट का फाटक काटकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. शाम 5:17 बजे तक रेस्क्यू अभियान पूरा कर लिया गया.
डीआरएम ने जांच के दिए आदेश
घटना के बाद डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने संबंधित लिफ्ट के संचालन पर तत्काल रोक लगाने का आदेश दिया है. साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं. प्रारंभिक जांच में लिफ्ट का रखरखाव करने वाली जॉनसन कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि क्षमता से अधिक यात्रियों के प्रवेश करने से लिफ्ट ओवरलोड हो गई थी, जिसके कारण सुरक्षा प्रणाली सक्रिय होने पर वह बीच में रुक गई.
छह महीने में चौथी घटना से बढ़ी चिंता
उल्लेखनीय है कि पिछले लगभग छह महीनों में दरभंगा जंक्शन की लिफ्ट में यात्रियों के फंसने की यह चौथी घटना है. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से लिफ्ट और एस्केलेटर के रखरखाव की व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है.
