दरभंगा: अनियंत्रित बस ने पेड़ को मारी टक्कर, चालक समेत कई यात्री घायल

बिरौल के सुपौल-बेनीपुर मुख्य पथ पर तेज रफ्तार दरभंगा केसरी बस पेड़ से टकरा गई. हादसे में चालक समेत कई यात्री घायल हो गए. पढ़ें पूरी खबर…

दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट

Darbhanga News: बिरौल के सुपौल-बेनीपुर मुख्य पथ पर मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. नवटोल गांव के समीप तेज रफ्तार दरभंगा केसरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. हादसे में चालक समेत आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए.

नवटोल गांव के पास हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस काफी तेज गति में थी. अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर पड़ा और बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

हादसे में बस में सवार अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बच्चेलाल झा भी घायल हो गए.

पेड़ उखड़कर सड़क पर गिरा, घंटों जाम

हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई. सड़क पर पेड़ गिरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और घंटों जाम की स्थिति बनी रही.

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस अधिकारी शशि कुमार रजक टीम के साथ मौके पर पहुंचे.

घायलों को अस्पताल भेजा, बस जब्त

ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और सभी घायलों को निजी अस्पताल भेजा गया.

थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है और किसी की हालत गंभीर नहीं है.

पुलिस ने सड़क पर गिरे पेड़ को हटवाकर यातायात बहाल कराया. दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर थाने लाया गया है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि सुपौल-बेनीपुर पथ पर तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं. लोगों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने और वाहनों की गति सीमा तय करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >