दरभंगा: सिंहवाड़ा-सिमरी मार्ग पर सनसनीखेज लूट, ज्वेलर्स व्यवसायी से लाखों के आभूषण की लूट

दरभंगा में बाइक सवार अपराधियों ने ज्वेलर्स व्यवसायी को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है. पढ़ें पूरी खबर…

Darbhanga News: सिंहवाड़ा-सिमरी थाना क्षेत्र के अतरबेल-बिशनपुर पथ पर सोमवार रात बाइक सवार अपराधियों ने एक ज्वेलर्स व्यवसायी से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए. वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

दुकान बंद कर लौट रहे थे पिता-पुत्र

जानकारी के अनुसार सिंहवाड़ा नगर पंचायत वार्ड संख्या एक निवासी शिबु ठाकुर सिमरी थाना क्षेत्र के बिरदीपुर चौक पर गायत्री ज्वेलर्स एंड बर्तन भंडार नामक दुकान चलाते हैं. सोमवार रात करीब 7:30 बजे वह अपने पिता अमीरी ठाकुर के साथ दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे.

घात लगाकर बैठे थे अपराधी

पीड़ित के अनुसार शिवगंगा गैस गोदाम के समीप पहली मोड़ पर पहले से घात लगाए एक युवक ने सड़क पर बाइक लगाकर उनका रास्ता रोक लिया. इसके बाद बदमाशों ने उनकी बाइक को धक्का देकर गिरा दिया. तभी दूसरी बाइक पर सवार तीन अन्य अपराधी भी वहां पहुंच गए.

चारों बदमाशों ने पिता-पुत्र के साथ धक्का-मुक्की की और बाइक की डिक्की तोड़कर उसमें रखा लाल रंग का झोला लेकर फरार हो गए.

लाखों के जेवरात और नकदी लूटी

पीड़ित के अनुसार झोले में करीब 3.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण थे, जिनमें पायल, सिकड़ी, बिछिया और अन्य जेवर शामिल थे. इसके अलावा 80 से 85 ग्राम सोने के आभूषण भी थे, जिनमें अंगूठी, मंगलसूत्र, झुमका, बाली, नोज पिन और अन्य अर्धनिर्मित आभूषण शामिल थे.

अपराधियों ने 2500 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी कागजात भी छीन लिए.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तकनीकी टीम के साथ जांच शुरू कर दी. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पीड़ित ने बताया कि अंधेरा होने के कारण वह अपराधियों की पहचान नहीं कर सके.

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >