Bihar Weather News: डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जारी मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 12 से 16 अगस्त के बीच उत्तर बिहार के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना कम है. हालांकि, 15-16 अगस्त के आसपास दरभंगा समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ जिलों में कई स्थानों पर अच्छी बारिश होने की संभावना जतायी गयी है.
मधुबनी और चंपारण में अच्छी बारिश के आसार
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 15 और 16 अगस्त को मधुबनी, सीतामढ़ी तथा पूर्वी और पश्चिमी चंपारण जिलों में कई स्थानों पर अच्छी बारिश हो सकती है. इन जिलों में मौसम में बदलाव के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
दरभंगा समेत इन जिलों में बारिश की संभावना
बक्सर, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, सीवान और सारण जिलों में भी 15 से 16 अगस्त के आसपास बारिश होने की संभावना जतायी गयी है.
इससे पहले इन जिलों में एक-दो स्थानों को छोड़कर सामान्यतः मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. यानी अगले कुछ दिनों में व्यापक बारिश की संभावना कम है, जबकि 15-16 अगस्त के आसपास मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.
37 डिग्री तक पहुंच सकता है अधिकतम तापमान
पूर्वानुमान अवधि के दौरान अधिकतम तापमान 33 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 85 प्रतिशत तथा दोपहर में 45 से 55 प्रतिशत रहने का अनुमान है. अधिक आर्द्रता के कारण बारिश नहीं होने की स्थिति में उमस का असर बना रह सकता है.
पूर्व दिशा से चलेगी हवा
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में हवा मुख्य रूप से पूर्व दिशा से चलने की संभावना है. हवा की गति 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रह सकती है.
मौसम विभाग और कृषि विश्वविद्यालय के पूर्वानुमान को देखते हुए किसानों को आगामी मौसम के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गयी है.
यह भी पढ़ें
दरभंगा में पंचायत समिति की बैठक में विकास योजनाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को घेरा
