दरभंगा के अलीनगर से एम. ए. सारिम की रिपोर्ट
Darbhanga Education News: नव स्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज अलीनगर में स्नातक प्रथम सत्र (2026-30) के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है. कॉलेज खुलने के साथ ही छात्र-छात्राओं में उत्साह देखा जा रहा है. गुरुवार तक कुल 20 विद्यार्थियों ने नामांकन कराया, जिनमें 18 छात्राएं शामिल हैं. इससे स्पष्ट है कि छात्राओं ने नए सरकारी डिग्री कॉलेज को बेहतर प्रतिसाद दिया है.
छात्राओं ने दिखाई सबसे अधिक रुचि
हिंदी विषय में नामांकन कराने वाली छात्राओं में कोमल कुमारी, तुलसी कुमारी और संतोषी कुमारी शामिल हैं. ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत प्रभारी प्राचार्य सिद्धार्थ शंकर सिंह, प्राध्यापक सह बर्सर डॉ. दस्तगीर आलम एवं प्रधान लिपिक सुजय कुमार मिश्रा ने छात्राओं को नामांकन रसीद सौंपकर उनका उत्साहवर्धन किया.
6 जुलाई तक चलेगा नामांकन
कॉलेज में छह विषयों की पढ़ाई की व्यवस्था की गई है. प्रथम मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों का नामांकन 6 जुलाई तक चलेगा. प्रथम सूची में कुल 82 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिनमें 66 छात्राएं और 16 छात्र शामिल हैं. कॉलेज में 7 जुलाई से नियमित कक्षाएं शुरू होंगी. इसी दिन इंडक्शन प्रोग्राम भी आयोजित किया जाएगा.
शिक्षकों और संसाधनों की कमी बनी चुनौती
राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए 211 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में अलीनगर कॉलेज भी शामिल है. यहां छह विषयों के लिए 12 सहायक प्राध्यापकों के पद सृजित किए गए हैं. फिलहाल प्राचार्य के अलावा अंग्रेजी विषय के केवल एक प्राध्यापक की ही प्रतिनियुक्ति हुई है. वहीं कॉलेज को अभी तक फर्नीचर भी उपलब्ध नहीं कराया गया है.
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा होगी प्राथमिकता
प्रभारी प्राचार्य सिद्धार्थ शंकर सिंह ने बताया कि कॉलेज का सफल संचालन और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन-अध्यापन उनकी पहली प्राथमिकता होगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके.
