Night Flight Darbhanga: दरभंगा एयरपोर्ट पर लंबे समय से प्रतीक्षित नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है. स्थानीय सांसद एवं दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन गोपालजी ठाकुर ने बताया कि रक्षा मंत्रालय ने नाइट लैंडिंग से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं.
एयरलाइंस के शेड्यूल के बाद शुरू होगी सेवा
सांसद ने बताया कि अब संबंधित एयरलाइंस कंपनियां उड़ानों का शेड्यूल तय करेंगी. शेड्यूल अंतिम रूप लेते ही दरभंगा एयरपोर्ट से रात्रिकालीन उड़ान सेवा शुरू कर दी जाएगी.
रक्षा मंत्री से की थी मुलाकात
गोपालजी ठाकुर ने कहा कि नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू कराने के लिए वे लगातार प्रयासरत थे. हाल ही में उन्होंने नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से मुलाकात कर इस संबंध में आग्रह किया था. इसके बाद रक्षा मंत्रालय और भारतीय वायुसेना ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.
यात्रियों और व्यापार को मिलेगा लाभ
सांसद ने कहा कि नाइट फ्लाइट सेवा शुरू होने से मिथिला क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी. साथ ही व्यापार, पर्यटन और निवेश गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
केंद्रीय नेतृत्व का जताया आभार
सांसद ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ तथा केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू के प्रति आभार व्यक्त किया.
