Darbhanga News: याेजनाओं के पूर्ण होने से दरभंगा का होगा विकास, बढ़ेंगी जनसुविधाएं: नीतीश कुमार

Darbhanga News:मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में दरभंगा जिला में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया.

Darbhanga News: दरभंगा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में दरभंगा जिला में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया. नागेंद्र झा स्टेडियम में रिमोट के माध्यम से दरभंगा जिलान्तर्गत 138 करोड़ की लागत से 90 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया. इनमें 105 करोड़ रुपये की लागत से 50 योजनाओं का जहां शिलान्यास किया, वहीं 33 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 40 योजनाओं का उद्घाटन किया. इस क्रम में मुख्यमंत्री ने शहर के दिल्ली मोड़ स्थित निर्माणाधीन अंतरराज्यीय-अंतरराष्ट्रीय बस स्टैंड की प्रगति कार्य का निरीक्षण किया. इस क्रम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि दरभंगा बस स्टैंड का पुनर्विकास कार्य के तहत यहां जी प्लस फोर कार्यालय भवन, कॉन्कोर्स, प्लेटफॉर्म, रखरखाव डिपो, पार्किंग और फुटपाथ, शौचालय ब्लॉक, एसटीपी-700 किलोलीटर, बाउंड्री विकास, कैंपस विकास और प्रकाश व्यवस्था सहित हर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करायी जा रही हैं. यह काम अगल दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की ली जानकारी

मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति कार्य की जानकारी अधिकारियों से ली. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं का क्रियान्वयन तेज गति से आगे बढ़ रहा है. इसके तहत दरभंगा शहर के दोनार चौक के पास आरओबी का निर्माण, शोभन डैम-मकिया पथ का निर्माण, शोभन बाइपास पर प्रस्तावित एम्स तक फोरलेन पहुंच पथ के निर्माण कार्य सहित शोभन-एकमी पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूती कार्य, दरभंगा-कुशेश्वरस्थान पथ से धबौलिया (कुशेश्वरस्थान-फूलतोड़ा घाट पथ) तक बाइपास पथ का निर्माण, मिथिला शोध संस्थान का आधुनिकीकरण एवं संरक्षण कार्य प्रगति पर है.

शहर के पोखरों को जोड़ने का काम आरंभ

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि दरभंगा रेलवे स्टेशन से आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे वाया दोनार चौक, कर्पूरी चौक तथा कर्पूरी चौक से एकमी चौक वाया लहेरियासराय चौक एवं लोहिया चौक तक अपग्रेडेशन-उन्नयन तथा एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण, बाबा कुशेश्वरस्थान का सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य, अहल्यास्थान का विकास कार्य, अहल्यास्थान के विकास के लिए भू-अर्जन कार्य, गंगासागर, हराही एवं दिग्घी तालाब का सौंदर्यीकरण कार्य के साथ ही गंगा सागर, हराही एवं दिग्घी तालाब का एकीकृत विकास कार्य प्रारंभ हो चुका है. मुख्यमंत्री नीतीश ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन सभी विकास कार्यों को बेहतर ढंग से पूर्ण करायें. इन कामों के पूरा होने से दरभंगा जिला का काफी विकास होगा. साथ ही लोगों के लिए काफी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

लॉजिस्टिक पार्क व कार्गो हब निर्माण के चिह्नित भू-खंड का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने दरभंगा हवाई अड्डा के पास निर्माणाधीन सिविल एनक्लेव का निरीक्षण किया तथा लॉजिस्टिक पार्क एवं कार्गो हब निर्माण के लिए चिन्हित भू-खंड का जायजा लिया. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह चिन्हिंत भूखंड दरभंगा सदर अंचल के अंतर्गत है, जिसका रकबा 50 एकड़ है. जायजा के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि इन सब कामों के पूरा होने से आवागमन काफी सुगम होगा. लोग कहीं से भी कम समय में सहूलियत पूर्वक दरभंगा पहुंच सकेंगे.

आमस-दरभंगा पथ के प्रगति कार्य का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने आमस-दरभंगा पथ परियोजना के कैंप कार्यालय के समीप आमस-दरभंगा पथ के प्रगति कार्य का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि आमस-दरभंगा पथ परियोजना दो आर्थिक गलियारों, एनएच-02 और एनएच-57 (नया एनएच-27) के बीच सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी. बिहार राज्य के भीतरी हिस्सों की पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर पूर्वी राज्यों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी. यह परियोजना लंबी दूरी की यातायात और माल ढुलाई की दक्षता में सुधार करने में मदद करेगा. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना काफी महत्वपूर्ण है. इसके पूरा होने से उद्योग, निवेश, छोटे व्यवसाय, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा. इस परियोजना को लक्ष्य के अनुरूप अच्छे ढंग से पूर्ण कराएं.

विभिन्न विभाग के स्टॉल का लिया जायजा

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित नागेंद्र झा स्टेडियम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉल का अवलोकन किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने 23 हजार 384 जीविका स्वयं सहायता समूह एवं समूह से संबंधित 93 हजार 536 जीविका दीदियों को बैंक से क्रेडिट लिंकेज के रूप में प्राप्त वित्तीय सुविधा के लिए 311 करोड़ 79 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया. साथ ही मुख्यमंत्री ने नारी शक्ति योजना, मुख्यमंत्री अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान, मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना का सांकेतिक चेक तथा बैट्री चालित ट्राइ साइकिल की चाबी लाभुकों को प्रदान की.

समारोह में ये भी थे मौजूद

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, विधायक जीवेश कुमार, विधायक विनय कुमार चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ चंद्रशेखर सिंह, दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय, दरभंगा प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार तिवारी, जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे. इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRABHAT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >