दरभंगा: गेहूं खरीद केंद्र पहुंचे भाजपा विधायक, किसानों से सीधे लिया फीडबैक

दरभंगा के बिरौल में भाजपा विधायक सुजीत कुमार सिंह ने एफसीआई गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण कर किसानों से सीधी बातचीत की. उन्होंने अधिकारियों को एमएसपी पर गेहूं खरीद तेज करने और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. पढ़ें पूरी खबर...

दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट

Darbhanga News: गौड़ा बौराम विधायक सुजीत कुमार सिंह ने शुक्रवार को बिरौल प्रखंड क्षेत्र के जयंतीपुर दाथ स्थित मिथिला ग्रामीण हाट परिसर में संचालित गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया. भारतीय खाद्य निगम और मिथिलांचल एग्रो मिल्क एंड सीड्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के सहयोग से यह केंद्र संचालित हो रहा है.

निरीक्षण के दौरान विधायक ने क्रय पदाधिकारी महेश पासवान को निर्देश दिया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर किसानों से अधिक से अधिक गेहूं की खरीद सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि कोई भी किसान सरकारी खरीद के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए.

किसानों से की सीधी बातचीत

विधायक ने मौके पर मौजूद किसान बलराम कृष्ण यादव, हीरा प्रसाद यादव और लाल झा से सीधे बातचीत कर एफसीआई द्वारा की जा रही खरीद और भुगतान प्रक्रिया की जानकारी ली. किसानों ने समय पर भुगतान मिलने पर संतोष जताया. इस पर विधायक ने भी संतुष्टि व्यक्त की.

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को बिचौलियों के बिना सीधे क्रय केंद्रों पर उनकी फसल का उचित मूल्य मिले.

पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश

विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तौल, नमी जांच और भुगतान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए. साथ ही किसानों को टोकन, छनाई और बारदाना से संबंधित किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.

उन्होंने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग कर प्रतिदिन खरीद की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को भी कहा.

कई किसान और अधिकारी रहे मौजूद

मौके पर मिथिलांचल एग्रो के कुमार वैभव, किसान सलाहकार पशुपति कुमार, किसान भगवान झा, धनेश्वर साहू, अरविंद साहू और गोदाम प्रभारी महेश पासवान समेत अन्य लोग मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >