आंधी-बारिश ने खोली बिजली सिस्टम की पोल, 16 पंचायतों में 16 घंटे तक गुल रही बिजली

दरभंगा के बिरौल प्रखंड में आंधी-बारिश के कारण 16 पंचायतों में 16 घंटे तक बिजली गुल रही. करीब 30 हजार उपभोक्ताओं को गर्मी और अंधेरे में परेशानी झेलनी पड़ी. उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है.

दरभंगा: बिरौल प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार की रात आयी तेज आंधी-बारिश ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था की स्थिति सामने ला दी. पटनिया और इटवा शिवनगर पावर सब स्टेशन से जुड़ी 16 पंचायतों में करीब 16 घंटे तक बिजली गुल रही. इससे करीब 30 हजार उपभोक्ताओं को पूरी रात गर्मी, उमस और अंधेरे में परेशानी झेलनी पड़ी.

बिजली विभाग के एसडीओ प्रभाष चंद्र ने बताया कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे आयी आंधी के कारण हरौली पावर ग्रिड से पटनिया उपकेंद्र को जोड़ने वाली 33 हजार केवी मेन लाइन में फॉल्ट आ गया था. लाइन में 19 स्थानों पर इंसुलेटर पिन पंक्चर हो गया था. इसके कारण पटनिया और इटवा शिवनगर दोनों पावर सब स्टेशन ठप पड़ गये.

19 स्थानों पर इंसुलेटर पिन पंक्चर

एसडीओ के अनुसार, फॉल्ट की जानकारी मिलने के बाद रात से ही तकनीकी टीम को लाइन दुरुस्त करने के लिए लगाया गया. कर्मी पूरी रात मरम्मत कार्य में जुटे रहे. इसके बाद शनिवार दोपहर करीब एक बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी.

करीब 16 घंटे तक बिजली नहीं रहने के कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. गर्मी और उमस के बीच पूरी रात बिजली के इंतजार में लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा.

उपभोक्ताओं ने विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

लंबे समय तक बिजली गुल रहने से उपभोक्ताओं में रोष है. पटनिया के कृष्णा नायक और गोपाल मिश्र ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उपभोक्ताओं का कहना है कि थोड़ी सी हवा और बारिश में बिजली लाइन में फॉल्ट होना आम बात हो गयी है.

उनका आरोप है कि बिजली व्यवस्था का नियमित मेंटेनेंस नहीं किया जाता. जर्जर तार और खंभे भी समय पर नहीं बदले जाते हैं. उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की कि बिजली संबंधी समस्या की जानकारी देने के लिए पटनिया के कनीय अभियंता को फोन करने पर फोन तक नहीं उठाया जाता.

यह भी पढ़ें

बहेड़ी बाजार में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का जेसीबी, डाक बंगला के सामने दुकानदारों ने किया विरोध

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शंकर कुमार सहनी

शंकर कुमार सहनी 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. लोकल टेलीविजन चैनल से लेकर राष्ट्रीय समाचार पत्रों तक में कार्य कर चुके शंकर राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >