दरभंगा में जनता से बदसलूकी करने वाला गालीबाज दारोगा सस्पेंड, वीडियो वायरल होने के बाद SSP की बड़ी कार्रवाई

Bihar News: दरभंगा में जनता से बदसलूकी करना एक थानाध्यक्ष को भारी पड़ गया. वायरल वीडियो के आधार पर एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बेंता थाना प्रभारी को तुरंत सस्पेंड कर दिया. जिससे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है.

Bihar News: दरभंगा जिले में पुलिसिंग को लेकर एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने सख्त कदम उठाया है. आम जनता से दुर्व्यवहार करने वाले बेंता थाना के थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. एसएसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर की गई है. वायरल वीडियो में थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार ड्यूटी के दौरान एक वाहन चालक से बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में साफ दिख रहा है कि वे ऊंची आवाज में बात कर रहे हैं. साथ ही गाली-गलौज और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल भी कर रहे हैं. यह व्यवहार पुलिस की गरिमा के खिलाफ माना गया.

दारोगा का वायरल वीडियो

आदेश में SSP ने क्या कहा?

वीडियो सामने आने के बाद मामला सीधे एसएसपी तक पहुंचा. जांच के बाद एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष को सस्पेंड कर दिया. एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि यह आचरण पुलिस नियमावली और नैतिक मूल्यों के विरुद्ध है.

दरभंगा पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति

‘जनता को डराना या अपमानित करना पुलिस की नहीं है जिम्मेदारी’

आदेश में साफ किया गया है कि पुलिस का काम जनता की सेवा और सुरक्षा करना है. जनता को डराना या अपमानित करना पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है. थानाध्यक्ष का व्यवहार कर्तव्य में लापरवाही, मनमानी और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है. इसी आधार पर उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.

निलंबन अवधि के दौरान हरेन्द्र कुमार को सामान्य जीवन-यापन भत्ता मिलेगा. उनका मुख्यालय पुलिस लाइन, दरभंगा निर्धारित किया गया है. एसएसपी ने स्पष्ट कहा है कि अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

SSP जगुनाथ रेड्डी ने थाना प्रभारियों को दी चेतावनी

एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को चेतावनी दी है. उन्होंने कहा है कि जनता के साथ सम्मानजनक और शालीन व्यवहार किया जाए. इस घटना के बाद दरभंगा पुलिस में अनुशासन को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

Also Read: ‘मेरा मकसद भौकाल बनाना नहीं…’, डिप्टी सीएम ने खुद को बताया डॉक्टर, सरकारी जमीन निगलने वालों को भी दिया सख्त संदेश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >