दरभंगा: बहेड़ी बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर पंचायत प्रशासन की कार्रवाई शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही. इस दौरान डाक बंगला के सामने जिला परिषद की पूर्व से आवंटित जमीन से अतिक्रमण हटाने को लेकर दुकानदारों ने विरोध किया. कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मिथिलेश चौधरी सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों की समस्या के समाधान की मांग की. अधिकारियों और दुकानदारों के बीच घंटों चली वार्ता के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की.
24 घंटे में अतिक्रमण हटाने का दिया गया था नोटिस
नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क की जमीन पर अवैध रूप से अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों सहित अन्य लोगों को सीओ रविकांत एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार साह की मौजूदगी में नोटिस जारी किया गया था. नोटिस में 24 घंटे के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था. ऐसा नहीं करने पर प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने के साथ जुर्माना वसूलने की चेतावनी दी गयी थी.
सीओ रविकांत एवं कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार साह ने बताया कि बाजार में लंबे समय से अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या बनी हुई थी. इससे आम लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. बाजार को जाममुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है.
कई दुकानदारों ने खुद हटाया सामान, कई जगह जेसीबी चली
नोटिस जारी होने के बाद कई लोगों ने स्वयं अपना सामान हटा लिया. वहीं, कई दुकानों और घरों के बाहरी हिस्से को जेसीबी की मदद से हटाया गया. प्रशासन की कार्रवाई गुरुवार और शुक्रवार को बहेड़ी-बहेड़ा एवं बहेड़ी-लहेरियासराय मुख्य सड़क पर की गयी.
डाक बंगला के सामने दुकानदारों ने जताया विरोध
शनिवार को डाक बंगला के सामने जिला परिषद द्वारा पूर्व से आवंटित जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गयी तो दुकानदारों ने इसका विरोध किया. कांग्रेस जिलाध्यक्ष मिथिलेश चौधरी सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों की समस्या का समाधान करने की मांग की.
इसके बाद सीओ रविकांत, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार साह और थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता की मौजूदगी में दुकानदारों के साथ घंटों वार्ता हुई. अधिकारियों के आश्वासन के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दोबारा शुरू की गयी.
आवंटित जमीन पर लोगों को जगह देने की बात
सीओ रविकांत ने बताया कि डाक बंगला की जमीन में पश्चिम दिशा से पूर्व से आवंटित लोगों को जमीन उपलब्ध करायी जा रही है. वहीं, मुख्य सड़क के किनारे से सभी अतिक्रमण हटाये जा रहे हैं. प्रशासन का कहना है कि बाजार में जाम की समस्या दूर करने और आवागमन को सुचारू बनाने के लिए सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी.
