आधी रात को 'क्रूर' डकैती: घर में अकेली बहू को बंधक बना काटे बाल, नशे का इंजेक्शन दे लाखों के जेवर लूटे

बहुरपुर थाना क्षेत्र में देर रात अपराधियों ने एक घर में घुसकर हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. घर में अकेली मौजूद एक महिला को बंधक बनाकर, उसके बाल काटे गए और नशीला इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया गया. बदमाशों ने लाखों रुपये के जेवर और नकदी लूटी.

Bahadurpur Brutal Robbery: बहादुरपुर थाना क्षेत्र की डरहार पंचायत के वार्ड 8 (बीबी टोल) में गुरुवार की देर रात अपराधियों ने दुस्साहस, दरिंदगी और हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. पांच नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ पवन मिश्र के घर पर धावा बोलकर न केवल भीषण लूटपाट की. बल्कि घर में अपनी डेढ़ साल की मासूम बच्ची के साथ अकेली मौजूद छोटी बहू करिश्मा देवी (22) को बंधक बनाकर अमानवीय यातनाएं दीं. वारदात के वक्त परिवार के बाकी सदस्य पास के एक मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए थे. जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने इस रोंगटे खड़े कर देने वाली खौफनाक घटना को अंजाम दिया.

गले पर कट्टा रख काटे बाल और हाथ-पैर बांधा

प्रत्यक्षदर्शियाें और परिजनों के अनुसार रात करीब पांच की संख्या में आए बदमाशों ने अपने मुंह को गमछे से ढक रखा था. घर में दाखिल होते ही बदमाशों ने दुर्गेश मिश्र की पत्नी करिश्मा कुमारी को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया. जब बहादुर बहू ने अपनी अस्मत और घर की संपत्ति बचाने के लिए विरोध करना शुरू किया. तो बदमाशों ने लाठी-डंडे और कट्टे के बट से उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. दरिंदगी की हद पार करते हुए बदमाशों ने महिला के बाल काट डाले. और उसके हाथ-पैर रस्सी से जकड़ दिए. किसी को महिला की चीख-पुकार सुनाई न दे. इसलिए शातिर बदमाशों ने कमरे का टीवी तेज आवाज में चला दिया. इसके बाद महिला को जबरन नशे का हैवी सुई (इंजेक्शन) देकर बेहोश कर दिया. फिर तीन कमरों की अलमारी और दो गोदरेज तोड़कर 35 हजार रुपये नकद और पांच लाख के सोने-चांदी के भारी आभूषण लूट लिए.

छत पर मोबाइल में डूबा रहा भांजा, बत्ती गुल होने पर खुला राज

इस पूरी वारदात के दौरान डॉक्टर पवन मिश्रा के नाती प्रशांत कुमार प्रियम घर की छत पर मोबाइल से बात करने में व्यस्त थे. नीचे टीवी की तेज आवाज के कारण उन्हें भनक तक नहीं लगी. इसी बीच अचानक शातिर बदमाशों ने उनके घर की मेन लाइन काट दी. जिससे बिजली गुल हो गई. जबकि आसपास के घरों में लाइट जल रही थी. इसी संदेह पर जब प्रशांत नीचे आए. तो सारा सामान बिखरा पड़ा था. मामी बेहोश थीं और उनके बाल कटे हुए थे. 

इलाज के लिये डीएमसीएच में कराया भर्ती, पुलिस ने शुरू की जांच 

आनन-फानन में घायल महिला को इलाज के लिए डीएमसीएच (DMCH) में भर्ती कराया गया. होश आने पर बेता थाना पुलिस ने महिला का फर्दबयान दर्ज किया. घटना की सूचना पर बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया गया है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >