Darbhanga News: दरभंगा जिले के अलीनगर प्रखंड के लहटा गांव निवासी और हरियाणा स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत 52 वर्षीय चिकित्सक डॉ. नन्द कुमार झा की अंबाला में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मंगलवार को कार में उनका शव मिलने की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.
अंबाला में कार के अंदर मिला शव
जानकारी के अनुसार, डॉ. नन्द कुमार झा वर्तमान में हरियाणा के अंबाला शहर स्थित पीएचसी पतरेहड़ी में चिकित्सक के पद पर कार्यरत थे. मंगलवार को अंबाला के सेक्टर-10 स्थित पॉलीक्लिनिक के गेट संख्या-2 के सामने खड़ी एक कार में उनका शव संदिग्ध अवस्था में मिला. सूचना मिलते ही सेक्टर-9 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
पोस्टमार्टम के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. परिजनों के अंबाला पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई.
पीएमसीएच से की थी एमबीबीएस
ग्रामीण एवं पंचायत के मुखिया सतीशचंद्र झा ने बताया कि डॉ. नन्द कुमार झा सरल स्वभाव, व्यवहार कुशल और अनुभवी चिकित्सक थे. उन्होंने पीएमसीएच से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी और वर्ष 2011 में हरियाणा स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सक के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी.
तीन महीने पहले पत्नी का भी हुआ था निधन
परिजनों के अनुसार, करीब तीन महीने पहले ही डॉ. झा की पत्नी का निधन हो गया था. उनकी कोई संतान नहीं थी. वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे. बड़े भाई शंकर झा गांव में व्यवसाय करते हैं, जबकि दूसरे भाई रामकुमार झा धनबाद में कार्यरत हैं. डॉ. झा के असामयिक निधन से गांव में शोक का माहौल है और लोग उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
यह भी पढ़ें: बारिश बनी किसानों के लिए वरदान, अब नहीं चलानी पड़ेगी बोरिंग
