Darbhanga News: मध्य विद्यालय माधोपुर में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) में कथित तौर पर छिपकली मिलने की घटना के बाद विद्यालय में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है. घटना में बीमार हुए सभी बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है. हालांकि गुरुवार को भी कई बच्चे मिड-डे मील खाने से हिचकिचाते रहे.
भरोसा लौटाने के लिए शिक्षकों ने पहले चखा भोजन
बच्चों का विश्वास बहाल करने के लिए विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार प्रभाकर, एकता फाउंडेशन के प्रबंधक संजय मिश्रा तथा विद्यालय के कुछ शिक्षकों ने सबसे पहले स्वयं मध्याह्न भोजन खाया.
इसके बावजूद विद्यालय के केवल लगभग आधे बच्चों ने ही भोजन किया, जबकि बाकी बच्चे अब भी भोजन करने से कतराते रहे.
लापरवाही नहीं होगी : प्रधानाध्यापक
प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार प्रभाकर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना एनजीओ और विद्यालय प्रबंधन की संयुक्त जिम्मेदारी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी.
यह भी पढ़ें: मिड-डे मील में छिपकली मिलने से एक दर्जन से अधिक बच्चे हुए थे बीमार
जांच के बाद होगी कार्रवाई
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) रूपेश कुमार राय ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने संबंधित एनजीओ को भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान पूरी सावधानी बरतने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करने का सख्त निर्देश भी दिया है.
