Darbhanga News: श्रमायुक्त से प्राप्त निर्देश के आलोक में दरभंगा जिले के सभी 18 प्रखंडों से तीन-तीन पंचायतों का चयन कर बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन के लिए 90 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा. अभियान के बाद चयनित पंचायतों को बाल श्रम मुक्त पंचायत घोषित किया जाएगा. डीएम कौशल कुमार ने संबंधित अधिकारियों को अभियान को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया है.
54 पंचायतों में चलेगा विशेष अभियान
जिले के 18 प्रखंडों से कुल 54 पंचायतों का चयन किया गया है. इन पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से बाल एवं किशोर श्रम के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा. प्रशासन का लक्ष्य चयनित पंचायतों में बाल श्रम का पूर्ण उन्मूलन सुनिश्चित करना है.
बाल श्रमिकों की पहचान कर कराया जाएगा मुक्त
डीएम ने सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की चयनित पंचायतों में विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है. अभियान के दौरान दुकानों, प्रतिष्ठानों और घरेलू कार्यों में लगे बाल एवं किशोर श्रमिकों की पहचान की जाएगी. पहचान के बाद उन्हें श्रम से मुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी.
दोषी नियोजकों पर होगी कानूनी कार्रवाई
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बाल एवं किशोर श्रम कराने वाले दोषी नियोजकों के खिलाफ बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती जाएगी.
चयनित पंचायतों को घोषित किया जाएगा बाल श्रम मुक्त
90 दिनों तक चलने वाले अभियान के बाद चयनित पंचायतों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी. अभियान के निर्धारित मानकों को पूरा करने वाली पंचायतों को बाल श्रम मुक्त पंचायत घोषित किया जाएगा. प्रशासन ने अभियान में संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया है.
इन पंचायतों में चलेगा अभियान
चयनित 54 पंचायतों में अदलपुर, लोआम, नैनाघाट, अघरा महापारा, पिड़री, टिकापट्टी, मझोलिया, पौराम, पतौर, बनसारा, कोठिया, लालगंज, धनौल, हरहच्चा, बलिगांव, अरौला, गोदाईपट्टी, गौढ़ेला, राढ़ी दक्षिणी, राढ़ी उत्तरी, सहसपुर, कटका, निस्ता, अस्थुआ, लदहो, कमरकला, रोहार महमुदा, पोखरभिंडा, राजा खरवार, ठेंगहा, चनौर, भंडारिसम, जतुका पैकटोल, झगरूआ, झगरूआ तरवाड़ा, नरकटिया भंडरिया, मकरमपुर, सझुआर, हाबी भौआर, हरिनगर, भादर, औराही, लटहा तुमौल सुहथ, हनुमाननगर, नरमा नवानगर, बरौम, गौड़ामानसिंह, कसरौर करकौली, पुनहद, गनौन, तुमौल, उसरी, भिण्डुआ एवं ईटहर पंचायत शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: अतिथि शिक्षकों के सेवा समायोजन का मुद्दा राज्यपाल के समक्ष, विधायक ईश्वर मंडल ने की मांग
