कैंपस: 1.64 करोड़ की फर्नीचर राशि का हिसाब नहीं दे सके 40 स्कूल, शिक्षा विभाग ने जारी किया नोटिस

दरभंगा के 40 सरकारी स्कूलों ने फर्नीचर मद की राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा नहीं किया। शिक्षा विभाग ने प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी कर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

प्रतिनिधि, दरभंगा. जिले के 40 सरकारी विद्यालयों ने फर्नीचर मद में मिली एक करोड़ 64 लाख रुपये की राशि का अब तक उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) जमा नहीं किया है. इसे गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों व बीइओ को तत्काल यूसी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. समय पर प्रमाण पत्र जमा नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार वित्तीय वर्ष 2023-24 में जिले के सभी 117 विद्यालयों को आवश्यकता के अनुरूप फर्नीचर मद में न्यूनतम 2.50 लाख और अधिकतम पांच लाख रुपये उपलब्ध कराए गए थे. इस राशि से बेंच-डेस्क, कुर्सी-टेबल, ब्लैक बोर्ड, अलमारी समेत अन्य आवश्यक फर्नीचर की खरीद की जानी थी. अब शिक्षा विभाग ने इन खर्चों का उपयोगिता प्रमाण पत्र 10 जुलाई तक विशेष दूत के माध्यम से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. शिक्षा विभाग के उप सचिव ललन कुमार मंडल ने डीइओ, स्थापना डीपीओ तथा योजना एवं लेखा डीपीओ को निर्धारित समय सीमा में यूसी भेजने का आदेश दिया है. योजना एवं लेखा संभाग के प्रभारी डीपीओ संजय कुमार ने बताया कि संबंधित विद्यालयों से चालू वित्तीय वर्ष में कई बार विभिन्न माध्यमों से संपर्क किया गया. इससे पहले भी कई बार यूसी जमा कराने के लिए पत्राचार और संपर्क किया गया, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिला. डीइओ ने संबंधित बीइओ और विद्यालय प्रधानों को नोटिस जारी करते हुए कहा है कि सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर अनिवार्य रूप से यूसी जमा कराएं. ऐसा नहीं होने पर संबंधित विद्यालयों की सूची अग्रेतर कार्रवाई के लिए शिक्षा विभाग को भेज दी जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raj kumar ranjan

Published by: Janardan Pandey

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >