Kusheshwarsthan News: कुशेश्वरस्थान थाना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार देर रात थाना क्षेत्र के आसो चौर में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की. पुलिस ने मौके से ट्रक, एक बाइक और मोबाइल भी जब्त किया है, जबकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद को सूचना मिली थी कि आसो चौर में एक ट्रक के माध्यम से विदेशी शराब की बड़ी खेप खपाने की तैयारी की जा रही है.
सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एएसआई रूपेंद्र सिंह, मानव शंकर, मंटू पासवान, रंजन रौशन और सशस्त्र बल की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की.
ट्रक के तहखाने में छिपाई गई थी शराब
पुलिस के पहुंचते ही कथित रूप से शराब कारोबार से जुड़े लोग और ट्रक चालक मौके से फरार हो गए.
जांच में पाया गया कि ट्रक (पीबी 13 बीए 7995) के नीचे विशेष तहखाना बनाया गया था, जिसमें शराब छिपाकर रखी गई थी. ऊपर से जैविक खाद की बोरियां लाद दी गई थीं, ताकि किसी को संदेह न हो.
गुरुवार सुबह ग्राइंडर की मदद से तहखाना काटकर शराब के कार्टन बाहर निकाले गए.
12,356 बोतल विदेशी शराब बरामद
पुलिस के अनुसार, ट्रक से 385 कार्टन में 180 एमएल, 375 एमएल और 750 एमएल की विभिन्न ब्रांड की कुल 12,356 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई.
बरामद शराब की कुल मात्रा 3,492.098 लीटर बताई गई है.
कॉल डिटेल से खंगाला जाएगा तस्करी नेटवर्क
थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. ट्रक और बाइक के पंजीकरण नंबर के आधार पर आरोपितों की पहचान की जाएगी.
उन्होंने बताया कि जब्त मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच कर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जाएगा.
यह भी पढ़ें: दर्जा मिला, नहीं बढ़ी सुविधा, चिकित्सकों के अभाव में जूझ रहा अलीनगर सीएचसी
