महिलाओं को हो रही सबसे अधिक समस्या
दरभंगा : जल संकट ने शहरवासियों के जीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर रखा है. लोगों की दिनचर्या बदल कर रख दिया है. पूरे दिन पानी के प्रबंध में वक्त निकल जाता है. जरूरी काम-काज भी नहीं कर पाते. बुधवार को कटहलबाड़ी बरही टोला में सुनीता देवी दोपहर साढ़े बारह बजे तक बैठी थी. बार-बार सड़क की ओर झांक रही थी. इसी बीच बगल की एक महिला ने पूछ दिया, किसका रास्ता देख रही हैं. सुनीता ने कहा कि नगर निगम के टैंकर के आने के इंतजार में बैठी हूं. घर में एक बूंद पानी नहीं है.
जो पानी था, उससे ये खुद स्नान कर काम के लिए निकल गये. खाना तैयार करने में भी बचा पानी खत्म हो गया. अब मैं खुद नहाने के लिए बैठी हूं. बच्चे भी स्नान नहीं कर सके हैं. पता नहीं आज कितने बजे पानी मिलेगा. दरअसल यह स्थिति प्राय: सभी जल संकट से जूझ रहे परिवारों की है. इस संकट को लेकर हाय-तौबा मचने के बाद जब डीएम के निर्देश पर नगर निगम ने पानी वितरण शुरू किया तो लोगों को थोड़ी सी राहत मिली. वार्ड पार्षद भी सक्रिय हुए. वार्ड 12, 13, 20, 16, 35 सहित अन्य क्षेत्र में प्राय: नित्य निगम का टैंकर अथवा वाटर टैंक पहुंच रहा है. इसीके सहारे लोग वक्त गुजार रहे हैं.
