पूर्वी व पश्चिमी चंपारण नगर निकायों के अधिकारियों के साथ की बैठक
लक्ष्य पूरा करने का दिया आदेश
मोतिहारी : 10 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संभावित सभा को ले नगर एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद ने मंगलवार को हवाइ अड्डा परिसर में बने सिटी टेंट व गांधी मैदान का निरीक्षण किया और वास्तविक स्थिति की समीक्षा की. गांधी उद्यान में चल रहे निर्माण कार्य व गांधी मैदान में की जा रही तैयारी का जायजा लिया और अधिकारियों को हर स्तर से मुस्तैद रहने का आदेश दिया. मौके पर डीएम रमन कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित थे.
प्रधान सचिव श्री प्रसाद ने समाहरणालय स्थित डा. राधाकृष्णन भवन के सभागार में पूर्वी व पश्चिमी चंपारण के नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों व नगर प्रबंधन के साथ बैठक की औेर चल रही योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की. उन्होनें सबके लिए आवास,शहरी योजना,शौचालय निर्माण योजना,मुख्यमंत्री शहरी नली गली पक्कीकरण योजना,मुख्यमंत्री शहरी पेयजल निर्माण योजना व पेयजलापूर्ति आदि की बारी-बारी से समीक्षा की और अधिकारियों को लक्ष्य के अनुसार,कार्य करने की हिदायत दी. इस दौरान योजनाओं के क्रियान्वयण में होने वाली परेशानियों पर चर्चा हुई और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए किसी भी तरह की खानापूर्ति करने का सख्त का आदेश दिया. मौके पर डीएम रमन कुमार,डीडीसी अखिलेश कुमार सिंह सहित सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी उपस्थित थे.
वार्ड -4 का किया निरीक्षण
प्रधान सचिव श्री प्रसाद ने शहर के वार्ड नम्बर-4 स्थित नकछेद टोला का निरीक्षण किया और शौचालय व आवास योजना के तहत चल रहे कार्यो का जायजा लिया. उन्होनें योजनाओं की बाबत विस्तार से जानकारी ली और कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान देने की हिदायत दी. मौके पर डीएम के अलावा कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार व पूर्व कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार आदि उपस्थित थे.
