नाबालिग होने के कारण पुलिस ने आरोपी को भेजा रिमांड होम
गोपालगंज के चुमनपुरा गांव का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
डुमरियाघाट : रामपुर खजुरिया के चर्चित प्रिंस अपहरण व हत्याकांड का फरार आरोपी सूरज पांडेय पकड़ा गया. वह गोपालगंज बैकुंठपुर थाने के मांगुर छपरा गांव का रहने वाला है. पुलिस ने मांगुर छपरा स्थित घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया.
थानाध्यक्ष अभिनव कुमार दूबे ने बताया कि सुरज का उम्र 18 साल से कम है, जिसके कारण उसे रिमांड होम भेजा गया. उन्होंने बताया कि प्रिंस अपहरण कांड में चार लोगों का नाम आया था. सभी पकड़े जा चुके है. बहुत जल्द न्यायालय में उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल किया जायेगा. स्पीडी ट्रायल के तहत उन्हे कठोर सजा दिलायी जायेगी. बताते चले कि सोमवार की शाम घर से गेंद लेकर प्रिंस बिहार पब्लिक स्कूल के मैदान में गया था, जहां उसका अपहरण कर बदमाशो ने परिजनों से दस लाख फिरौती मांगी.
घटना के बाद इलाके में हंगामा व पकड़े जाने की डर से बदमाशों ने गला दबा उसकी हत्या कर दी. शव को बोरे में रख एक अर्धनिर्मित मकान में छुपा दिया. पुलिस ने इस मामले में सिवान जिला के लड़की नवीगंज के सत्यम कुमार उर्फ चंचल को गिरफ्तार किया तो घटना का परत दर परत खुलासा होते चला गया. उसकी गिरफ्तारी के बाद बात सामने आयी कि प्रिंस का अपहरण उसके ग्रामीण सुखजीत कुमार गिरि व उसके पिता बच्चा गिरि ने मिलकर किया था. पिता व पुत्र की गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर शव बरामद हुआ था.
