मोतिहारी : मुफस्सिल पुलिस ने भरौलिया चौक के पास से ऑटो सहित भारी मात्रा में नेपाली सौंफी शराब के साथ तीन कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार शराब कारोबारियों में मजुराहां का सुनील सहनी, बंजरिया झखिया का संदीप सहनी व गजेंद्र सहनी है. थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने कहा कि ऑटो से 465 बोतल नेपाली शराब बरामद हुआ है. उन्होंने बताया कि बसतपुर चौक पर पुलिस टीम गश्ती पर थी. इस दौरान सूचना मिली कि बिना नंबर के ऑटो पर शराब लदी है, जिसे कारोबारी गंतव्य स्थान पर ले जाने की फिराक में है. सूचना के आधार पर छापेमारी की गयी तो ऑटो के साथ चालक सुनील सहनी पकड़ा गया,
जबकि दो कारोबारी पुलिस को देख भागने लगे, जिन्हें खदेड़ कर पकड़ लिया गया. सुनील ने पूछताछ में बताया है कि संदीप व गजेंद्र शराब लेकर झखिया जाने के लिए ऑटो भाड़ा पर लिया था. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर तीनों कारोबारियों को जेल भेज दिया गया. छापेमारी में थानाध्यक्ष के साथ दारोगा मनोज कुमार, जमादार संतोष सिंह, रवि कुमार व रामाशंकर सिंह शामिल थे.
