मोतिहारी : मुफस्सिल थाने के गोढ़वा निवासी भुनेश्वर प्रसाद का ऑटो लेकर बदमाश फरार हो गये. घटना को लेकर ऑटो मालिक व चालक भुनेश्वर ने थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. उसने अज्ञात अपराधियों को आरोपित किया है. उसने पुलिस को बताया है कि ऑटो लेकर घर से निकला था.इस दौरान एक अनजान व्यक्ति ने फोन कर पूछा कि ऑटो खाली है.
उसके बाद पीपराकोठी वाटगंज जाने के लिए चार सौ रुपये भाड़ा तय कर उसे कोटवा मोड़ के पास बुलाया.भुनेश्वर ऑटो लेकर कोटवा मोड़ पहुंचा तो दो लोग उसके ऑटो पर सवार हो गये. वाटगंज चौक पर एक होटल के पास रुक नाश्ता करने लगे. इस दौरान दोनों अनजान लोगों ने उससे ऑटो की चाबी लेकर कहा कि तुम नाश्ता करो, हमलोग कुछ घरेलू सामान ऑटो पर लोड कर आते है.
वह चाबी देकर नाश्ता करने लगा. काफी देर तक दोनों ऑटो लेकर नहीं आये तो उनके मोबाइल पर फोन लगाया. मोबाइल स्विच ऑफ बताने पर उसे लग गया कि दोनों उसका ऑटो लेकर फरार हो गये. थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गयी है.
