सफलता. दिन में की थी दो दुकानों की रेकी, बाद में िदया घटना को अंजाम
मधुबन : सिनेमा हाल रोड स्थित दो दुकानों में चोरी कर भाग रहे एक चोर को पुलिस गश्ती के दौरान मलंग चौक पर गुरुवार की रात्रि धर दबोचा. पकड़ाया चोर शिवहर जिले के तरियानी थाने के कुशहर गांव के राजमंगल पासवान का पुत्र 20 वर्षीय शुकेश पासवान है. चोर के पास से पुलिस ने चोरी एक अपो मोबाइल, एक पुराना लीटीवी मोबाइल, 9 ग्राम का चांदी का सिक्का, शटर काटने वाली कैंची, मास्टर चाबी, हेड फोन दो पीस, मोबाइल रिंग एक पीस व एक पुरानी साइकिल बरामद की है.
पुलिस पूछताछ कर रही है. थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि रात्रि में सिनेमा हाल रोड के विजय कुमार के पप्पू मोबाइल के टीन के छप्पर को चोर ने काटकर दुकान से नकदी समेत मोबाइल आदि की चोरी करके बगल के अंकित मोबाइल का छप्पर काटने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग हो हल्लाकर करने लगे. इसी बीच मौका पाकर चोर भागने लगा, जो मलंग चौक पर खड़ी गश्तीदल के हत्थे चढ़ गया. गिरफ्तार शुकेश की निशानदेही पर पुलिस सिनेमा हाल रोड से एक पुरानी साइकिल बरामद की है.
थानाध्यक्ष श्री कुमार ने बताया कि गिरफ्तार चोर ने कई खुलासा किया है. पुलिस के समक्ष बताया कि वह अपनी साइकिल से शिवहर से मधुबन आया था. उसने दिन में सिनेमा हाल के पास एक दुकान पर नाश्ता किया. इस दौरान दुकानों की रेकी की, जिसे आसानी से निशाना बनाया जा सके. थानाध्यक्ष ने बताया कि उसने बताया कि उसका उद्देश्य केवल नकदी चुराकर निकल जाना था. हालांकि लोगों के जगने से पुलिस की मुस्तैदी से पकड़ा गया. जिसको लेकर शिवहर पुलिस से संपर्क स्थापित कर उसके अापराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है. छापेमारी सह गश्ती दल में थानाध्यक्ष के अलावे एएसआई सीबी पांडेय, विनय कुमार, अशोक कुमार सिंह, लक्ष्मण सिंह व सैफबल शामिल थे.
