Buxar News : शहर के बाजार समिति रोड पर मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान अर्जुनपुर गांव निवासी जेठक पासवान के पुत्र चंद्रबिंदु पासवान के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है.
ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित हुई स्कूटी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चंद्रबिंदु पासवान अपने एक परिचित की स्कूटी पर पीछे बैठकर जा रहे थे. बाजार समिति रोड की ऊंची-नीची सड़क पर ओवरटेक करने के दौरान स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया. इससे चंद्रबिंदु सड़क पर गिर पड़े और पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गए. सिर कुचल जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद दोनों चालक फरार
दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक कुछ देर के लिए रुका, लेकिन लोगों की भीड़ जुटने से पहले ही वाहन लेकर फरार हो गया. वहीं स्कूटी चला रहा व्यक्ति भी स्कूटी के साथ मौके से निकल गया. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान चंद्रबिंदु पासवान के रूप में की. नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. तकनीकी और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर भी जांच जारी है.
हाल ही में हुई थी शादी, गांव में पसरा मातम
परिजनों के अनुसार चंद्रबिंदु पासवान का विवाह हाल ही में हुआ था. उनकी असामयिक मौत से नवविवाहित पत्नी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. अर्जुनपुर गांव में शोक की लहर है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि फरार ट्रैक्टर या उसके चालक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल नगर थाना को सूचित करें, ताकि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
