Buxar News : चक्की प्रखंड के प्राणपुर के समीप शुक्रवार को गंगा नदी में स्नान करने के दौरान डूबे करीब 18 वर्षीय युवक विक्रम यादव का शव शनिवार को करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया. शनिवार की सुबह से ही एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम लगातार गंगा नदी में युवक की तलाश कर रही थी. दोपहर करीब दो बजे घटनास्थल से लगभग 300 मीटर के दायरे में युवक का शव पानी में तैरता मिला. इसके बाद टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला.
स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चला गया था युवक
मृत युवक की पहचान चक्की प्रखंड के भोला डेरा निवासी हरिगोविंद व्यास के पुत्र विक्रम यादव के रूप में हुई है. बताया जाता है कि शुक्रवार को वह प्राणपुर के समीप गंगा नदी में स्नान करने गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
Also Read : बक्सर में छात्राओं से मारपीट के आरोप में प्रधानाध्यापिका निलंबित, विभागीय कार्रवाई शुरू
शुक्रवार से ही चल रहा था खोज अभियान
घटना के बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने शुक्रवार को ही युवक की तलाश शुरू कर दी थी. देर शाम तक नदी में खोजबीन के बावजूद शव बरामद नहीं हो सका. शनिवार की सुबह एक बार फिर खोज अभियान शुरू किया गया. टीम ने नदी के आसपास और घटनास्थल से आगे के हिस्से में लगातार खोजबीन की. दोपहर तक सफलता नहीं मिलने के बाद करीब दो बजे घटनास्थल से लगभग 300 मीटर के दायरे में युवक का शव पानी में तैरता मिला.
Also Read : बक्सर में गंगा का तेवर पड़ा नरम, जलस्तर घटने से राहत की उम्मीद; दियारा इलाकों में संकट बरकरार
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला. इसके बाद चक्की पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं, घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही.
परिवार को नियमानुसार मिलेगी सहायता राशि
चक्की अंचलाधिकारी संगीता कुमारी ने बताया कि आपदा प्रबंधन के तहत राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली निर्धारित सहायता राशि परिवार को नियमानुसार उपलब्ध करायी जाएगी.
