Buxar News : बक्सर जिला के राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया पंचायत स्थित जमौली डेरा गांव में अवैध हथियार के बल पर लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश एक युवक को महंगी पड़ गई. राजपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को देशी कट्टे के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
हथियार लहराकर लोगों को धमका रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम जमौली डेरा गांव निवासी वशिष्टमुनि नोनिया उर्फ मिस्त्री हाथ में अवैध देशी कट्टा लेकर अपने घर के बाहर निकला और जोर-जोर से चिल्लाते हुए ग्रामीणों पर धौंस जमाने लगा. युवक के हाथ में हथियार देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए अपने-अपने घरों की ओर भागने लगे.
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना किसी ग्रामीण ने तत्काल राजपुर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष निवास कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गांव की घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया.
आर्म्स एक्ट के तहत भेजा गया जेल
थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गांव के लोगों ने राहत की सांस ली.
