Buxar News : बक्सर जिला के राजपुर प्रखंड सभा कक्ष में वन विभाग की ओर से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता राजपुर वन परिसर पदाधिकारी ममता कुमारी ने की, जबकि संचालन वनरक्षी अनिष कुमार ने किया. बैठक में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को कृषि वानिकी योजना के साथ वन्यजीवों से होने वाले नुकसान पर सरकार की ओर से दी जाने वाली सहायता राशि की जानकारी दी गयी.
वन्यजीवों से नुकसान पर मिल सकती है सहायता राशि
बैठक में वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जंगली जानवरों के हमले से जन-धन, पशुधन या फसल को नुकसान होने की स्थिति में प्रभावित लोगों को निर्धारित नियमों के तहत मुआवजा मिल सकता है. इसके लिए घटना की जानकारी समय पर वन विभाग को देना जरूरी है. अधिकारियों ने ग्रामीणों से किसी भी तरह की क्षति होने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की.
किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
बैठक में कृषि वानिकी योजना के लाभों पर भी विस्तार से चर्चा की गयी. अधिकारियों ने बताया कि कृषि के साथ पेड़-पौधों का रोपण कर किसान अतिरिक्त आय प्राप्त कर सकते हैं. इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा.
ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक करेंगे जनप्रतिनिधि
वन विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ग्रामीणों को कृषि वानिकी योजना और वन्यजीव क्षति मुआवजा योजना के बारे में जागरूक करें. इसका उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों और ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उन्हें इसका लाभ दिलाना है.
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
बैठक में मुखिया अनिल सिंह, अजय कुमार, तुलसी साह, ललन रजक समेत कई स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी भी साझा की.
