Buxar News : बक्सर जिले के बासुदेवा थाना क्षेत्र में नहर से मिले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला रेतकर हत्या की और पहचान छिपाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया. दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
अवैध संबंध बना हत्या की वजह
बासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान ने बताया कि 19 जुलाई को मृतक वीरेंद्र कुमार की हत्या उसकी पत्नी ममता देवी और उसके प्रेमी अरविंद कुमार ने मिलकर की थी. पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और वीरेंद्र कुमार उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था. इसी वजह से दोनों ने हत्या की साजिश रची.
गड़ासी से गला रेतकर की हत्या, नहर में फेंका शव
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद दोनों आरोपितों ने शव को गांव के पास नहर में फेंक दिया, ताकि घटना को छिपाया जा सके. शव बहते हुए कुलमनपुर गांव के समीप नहर में पहुंच गया, जहां 21 जुलाई को बरामद हुआ था.
मृतक और आरोपी थे दोस्त
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अरविंद कुमार, मृतक वीरेंद्र कुमार का दोस्त था. दोस्ती के दौरान ही उसका मृतक की पत्नी से संबंध बन गया. इसी रिश्ते ने हत्या की वारदात का रूप ले लिया.
पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक वीरेंद्र कुमार अपने पीछे दो पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गया है. इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
