Buxar News: बिहार सरकार द्वारा वित्त रहित कर्मियों को वेतनमान देने के निर्णय के बाद शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों में भारी उत्साह है. इसी क्रम में दंडी स्वामी सहजानंद संत विनोबा डिग्री महाविद्यालय सिमरी में शुक्रवार को प्राचार्य कौशल कुमार राय की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई. 'अनुदान नहीं, वेतनमान फोरम' की केंद्रीय टीम के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में आगामी 20 सितंबर को आयोजित होने वाली भव्य आभार एवं अभिनंदन सभा की रूपरेखा तैयार की गई.
विधान पार्षद नवल किशोर यादव के नेतृत्व में होगा आयोजन
यह अभिनंदन सभा विधान पार्षद प्रो. नवल किशोर यादव के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है. बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकार के इस ऐतिहासिक फैसले के लिए मुख्यमंत्री के प्रति सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त किया जाएगा. कार्यक्रम को व्यापक और सफल बनाने के लिए जिले के सभी अनुदानित एवं वित्त रहित महाविद्यालयों और विद्यालयों में जनसंपर्क अभियान चलाकर कर्मियों को एकजुट किया जाएगा.
प्रो. विनोद कुमार ओझा को मिली जनसंपर्क टीम की कमान
अभियान को गति देने के लिए महाविद्यालय स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व केंद्रीय कोर कमेटी के सदस्य प्रो. विनोद कुमार ओझा करेंगे. इस जनसंपर्क टीम में प्रो. मदन कुमार राय, प्रो. रमेश राय, प्रो. श्री भगवान ठाकुर, प्रो. सारिका राय, मिथिलेश राय, मुन्ना राय, प्रकाश पीयूष, गोलू राय, मृत्युंजय राय, विश्वामित्र पांडेय और मनोज राम को शामिल किया गया है. यह टीम जिले भर के शिक्षण संस्थानों का दौरा कर कर्मियों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित कराएगी.
शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों की रही भारी उपस्थिति
बैठक में उपस्थित तमाम वक्ताओं ने कहा कि वेतनमान की घोषणा से वर्षों से उपेक्षित कर्मियों के मान-सम्मान और भविष्य की सुरक्षा का मार्ग प्रशस्त हुआ है. इस महत्वपूर्ण बैठक में शिक्षक प्रतिनिधि जितेंद्र पांडेय, प्रो. कमलेश सिन्हा, प्रो. सुभाष राय, प्रो. सुरेंद्र राय, प्रो. दयानिधि राय, प्रो. अनीता ओझा, प्रो. जैनेंद्र, अर्चना चौधरी, रवि चौधरी, मीना कुमारी, पूनम पांडेय और शकुंतला देवी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे.
