बक्सर: पंचायतों के विकास पर DM सख्त, योजनाओं में पारदर्शिता और समय पर क्रियान्वयन का दिया निर्देश

बक्सर डीएम ने ग्राम पंचायत के मुखियाओं को विकास योजनाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के साथ आत्मनिर्भर बनने के निर्देश दिए।

Buxar News : नगर भवन में गुरुवार को ग्राम पंचायतों के मुखियाओं के लिए उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में डीएम साहिला ने पंचायतों के विकास कार्यों और योजनाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि पंचायतों में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समयबद्धता हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए.

समय-सीमा के भीतर तैयार हो जीपीडीपी

डीएम ने ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का चयन ग्राम सभा के माध्यम से आम जनता की सहभागिता और सहमति से किया जाना चाहिए. पंचायत की जरूरत और प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का चयन कर उनके निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है.

2030 तक समावेशी विकास पर जोर

डीएम ने कहा कि स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों के नौ लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत विकास योजना का बेहतर और प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है. इसके माध्यम से वर्ष 2030 तक पंचायतों के प्रत्येक क्षेत्र में समावेशी और सतत विकास सुनिश्चित करने का लक्ष्य है. उन्होंने मुखियाओं से योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने को कहा.

अपने राजस्व स्रोत विकसित करें पंचायतें

डीएम ने पंचायतों को स्वयं के राजस्व स्रोतों से आय अर्जित करने पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पंचायत में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर शुरुआती स्तर पर राजस्व के स्रोत विकसित किये जाएं. धीरे-धीरे इन स्रोतों को पंचायत के विकास कार्यों से जोड़कर स्थानीय स्तर पर पंचायतों को अधिक सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है.

महिला जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी

कार्यक्रम में महिला निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी विशेष जोर दिया गया. डीएम ने महिला जनप्रतिनिधियों को पंचायत के विकास कार्यों की समुचित जानकारी रखने और योजनाओं के क्रियान्वयन में स्वयं सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

ग्राम सभा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

डीएम ने कहा कि ग्राम सभाओं में महिला निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की पूर्ण और सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए. इससे महिलाएं पंचायत के विकास कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा सकेंगी और अपनी कार्यकुशलता एवं नेतृत्व क्षमता को प्रभावी रूप से प्रदर्शित कर सकेंगी. उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों में जनभागीदारी और जवाबदेही को प्राथमिकता देने की अपील की.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रशांत कुमार राय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >