Buxar News : डुमरांव प्रखंड कार्यालय सभागार में शनिवार को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को लेकर विशेष जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर लगाया गया. बिजली विभाग की ओर से आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने भाग लिया और योजना की पात्रता, सब्सिडी एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी ली. शिविर का संचालन कनीय विद्युत अभियंता मोहम्मद इम्तियाज समेत बिजली विभाग के अधिकारियों ने किया.
घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने का उद्देश्य
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घरों की छत पर सोलर पैनल स्थापित कर उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ना है. इससे घरेलू बिजली खर्च में कमी आएगी और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा. सोलर पैनल से जरूरत से अधिक बिजली बनने पर उसे ग्रिड में भेजकर उपभोक्ता इसका लाभ भी ले सकते हैं.
Also Read : चक्की सीएचसी में सफाई व्यवस्था पर सवाल, पांच कर्मियों के काम करने के बावजूद रजिस्टर में नौ की हाजिरी
एक से तीन किलोवाट तक की सब्सिडी की दी जानकारी
शिविर में अधिकारियों ने एक से तीन किलोवाट तक की सोलर क्षमता पर मिलने वाली केंद्र एवं राज्य सरकार की सब्सिडी के प्रावधानों की जानकारी दी. पात्र उपभोक्ताओं को आवेदन के माध्यम से योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया समझायी गयी. आवेदन के लिए बिजली बिल, आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक की प्रति आवश्यक बतायी गयी.
Also Read : महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय की शैक्षणिक समस्याओं को लेकर अभाविप ने सांसद सुधाकर सिंह को सौंपा मांगपत्र
मौके पर कई उपभोक्ताओं ने शुरू कराया पंजीकरण
उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन से लेकर सोलर पैनल की स्थापना तक की तकनीकी प्रक्रिया भी समझायी गयी. अधिकारियों ने लोगों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. शिविर में कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू करायी और योजना को लेकर उत्साह दिखाया.
Also Read : डुमरांव के लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव की पुस्तक ‘मोदी युग का भारत’ का लोकार्पण
