Buxuar News : बक्सर जिले में श्रावणी मेला के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में एक माह तक चलने वाले मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
डीएम-एसपी ने तैयारियों की समीक्षा की
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने की. इस दौरान शांति समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव रखे, जिनके आधार पर जिला प्रशासन ने मेला को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए.
साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद बक्सर एवं डुमरांव के कार्यपालक पदाधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले सभी प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई कराने तथा चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां रखने को कहा गया.
पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि मेले के दौरान सभी प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
कांवड़ियों के लिए विशेष इंतजाम
इस वर्ष श्रावण माह 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा. प्रथम सोमवारी 3 अगस्त, द्वितीय 10 अगस्त, तृतीय 17 अगस्त और चतुर्थ सोमवारी 24 अगस्त को पड़ेगी. बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में बड़ी संख्या में कांवड़ियों के आगमन को देखते हुए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए.
कार्ययोजना तैयार करने को दिया निर्देश
अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया. विद्युत विभाग को कांवड़ यात्रा मार्गों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा खुले बिजली तारों की जांच करने का निर्देश दिया गया. लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग एवं नगर निकायों को पेयजल, स्वच्छता और सड़कों के गड्ढों की मरम्मत की जिम्मेदारी सौंपी गई. वहीं सिविल सर्जन को सभी अस्पतालों में एंबुलेंस, दवाएं और चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि सहित जनप्रतिनिधि एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे.
