Buxar News : नगर पंचायत चौसा के अखौरीपुर गोला स्थित हनुमान मंदिर परिसर में गुरुवार से सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का विधि-विधान के साथ शुभारंभ हुआ. आयोजन समिति के रामनगीना सिंह और संतोष सिंह ने बताया कि ज्ञान यज्ञ का आयोजन 9 सितंबर 2026, बुधवार तक किया जाएगा. प्रतिदिन दोपहर से संध्या तक श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कराया जाएगा.
वृंदावन से पहुंचे आचार्य अतुल कृष्ण जी महाराज
ज्ञान यज्ञ में कथा व्यास के रूप में श्रीधाम वृंदावन के प्रसिद्ध संत आचार्य अतुल कृष्ण जी महाराज पहुंचे हैं. कथा के पहले दिन उन्होंने श्रीमद्भागवत की महिमा और इसके श्रवण के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि भागवत कथा जीव को भवसागर से पार लगाने वाली है और कलियुग में मानव कल्याण का सरलतम साधन है.
भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
कथा के दौरान भजन-कीर्तन की प्रस्तुति से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया. कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ लिया और भक्ति भाव में डूबे नजर आए.
ग्रामीणों के सहयोग से हो रहा आयोजन
आयोजन को सफल बनाने में अजय जायसवाल, मनोज चौरसिया, रमेश प्रसाद, विश्वामित्र चौरसिया, केशव मौर्य, अजय यादव, हरेराम सिंह, विजय केशरी, रंजीत चौधरी, शेषनाथ यादव सहित अन्य ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा. आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होने की अपील की है.
