Buxar News : बक्सर जिला के कोरानसराय थाना क्षेत्र के गड़ही डेरा के समीप रविवार की देर शाम तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. हादसे में वाहन में सवार एक कांवरिये का हाथ गंभीर रूप से जख्मी होकर शरीर से अलग हो गया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायल युवक को तत्काल डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहा था युवक
घायल की पहचान मुरार थाना क्षेत्र के नचाप गांव निवासी लक्ष्मण कुमार के पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि छोटू अपने गांव के कुछ दोस्तों के साथ स्कार्पियो से ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहा था. इसी दौरान गड़ही डेरा के पास सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई.
खिड़की से बाहर निकला था हाथ, पेड़ से टकराते ही हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय स्कार्पियो की खिड़की खुली थी और घायल युवक का हाथ बाहर की ओर निकला हुआ था. वाहन के अचानक पेड़ से टकराने के कारण उसका हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद साथ चल रहे कांवरियों में चीख-पुकार मच गई.
पुलिस ने शुरू की घटना की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल का प्राथमिक उपचार कराने के बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर ले गए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
