Buxar News : संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर छोटकनुआं स्थित कम्युनिटी भवन एवं संत रविदास मंदिर परिसर में कलश यात्रा और समरसता संकल्प अभियान के तहत सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस दौरान संत रविदास के विचारों और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया.
संत रविदास के विचार समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण : बीडीओ
प्रखंड विकास पदाधिकारी साधु शरण पांडे ने कहा कि संत रविदास ने समाज में समानता, सामाजिक समरसता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया. उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा कि जयंती के अवसर पर संत रविदास के जीवन, विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है.
प्रेम और भाईचारा बनाए रखने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया. साथ ही संत रविदास के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और उनके विचारों को समाज तक पहुंचाने की बात कही गयी. कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा.
