Buxar News : स्थानीय रेलवे स्टेशन पर चलाये जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान आरपीएफ की टीम ने ट्रेनों में जेब काटने और मोबाइल चोरी करने वाले दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है. तलाशी के दौरान दोनों के पास से चोरी के मोबाइल फोन और जेब काटने में इस्तेमाल किये जाने वाले ब्लेड के टुकड़े बरामद किये गये. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिलहर निवासी उमेश राय (30) और बक्सर नगर थाना क्षेत्र के तनु कुमार सिंह (34) के रूप में हुई है.
संदिग्ध हालत में घूमते मिले, तलाशी में खुला राज
आरपीएफ की विशेष टीम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और संदिग्ध लोगों की जांच कर रही थी. इसी दौरान दोनों आरोपित संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिये. पुलिस ने उन्हें पकड़कर तलाशी ली तो चोरी के मोबाइल फोन और ब्लेड के टुकड़े बरामद हुए. इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी.
आरपीएफ की विशेष टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई आरपीएफ प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने की. टीम में सब इंस्पेक्टर विष्णु शंकर ओझा, सब इंस्पेक्टर विजेंद्र मुवाल, आरक्षी श्याम नारायण सिंह यादव और सोनालाल यादव शामिल थे. आरपीएफ निरीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि आरोपितों के पास से चोरी का मोबाइल और जेब काटने के लिए इस्तेमाल किये जाने वाले धारदार ब्लेड के टुकड़े बरामद हुए हैं.
पूछताछ में कबूली ट्रेनों में जेब काटने की बात
आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने और ब्लेड से उनकी जेब काटने की बात स्वीकार की है. दोनों से बरामद सामान के संबंध में भी जानकारी जुटायी जा रही है.
जीआरपी को सौंपे गये दोनों आरोपित
आरपीएफ ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी के हवाले कर दिया. आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा.
