Buxar School Student Rape Case : डुमरांव के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक सरकारी मध्य विद्यालय की नाबालिग छात्राओं से कथित दुष्कर्म और वीडियो बनाने के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है. एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस अब उस होटल की पहचान करने में जुटी है, जहां एक शिक्षक द्वारा किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने और मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप है.
यहां क्लिक कर मामले से संबंधित मुख्य प्रकाशित खबर पढ़ें.
डुमरांव के कई होटलों में पुलिस की दबिश
मिली जानकारी के अनुसार, डुमरांव के प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह के नेतृत्व में डुमरांव और कृष्णाब्रह्म थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने डुमरांव के करीब आधा दर्जन होटलों में छापेमारी कर जांच-पड़ताल की. कार्रवाई के दौरान फोरेंसिक जांच टीम भी मौजूद रही.
पुलिस ने होटलों के कमरों, रजिस्टर समेत अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की. हालांकि, शाम तक पुलिस उस होटल की पहचान नहीं कर सकी, जहां कथित घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान किशोरी होटल की सटीक जानकारी नहीं दे पा रही है. इसके बावजूद पुलिस अपने स्तर से संभावित होटलों की सूची तैयार कर उनकी जांच-पड़ताल कर रही है. डीएसपी ने कहा कि शिक्षकों की गिरफ्तारी होते ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा.
होटल संचालकों में मचा हड़कंप, कार्रवाई की चर्चा
पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से डुमरांव के होटल संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही. पुलिस टीम ने कई होटलों में पहुंचकर ठहरने वाले लोगों से संबंधित रिकॉर्ड और अन्य जानकारियां खंगालीं.
इधर, मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा तेज है. लोगों ने नाबालिग छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए मामले में शामिल आरोपित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
