बक्सर: शराब तस्करों को लूटने वाले गिरोह के दो सदस्य हथियार के साथ गिरफ्तार, देसी कट्टा, दो बाइक और चार मोबाइल बरामद

कृष्णाब्रह्म पुलिस ने शराब तस्करों को निशाना बनाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को देसी कट्टा और बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।

Buxar News : बक्सर जिला के कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित शराब लुटेरा गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपितों के पास से एक देसी कट्टा, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. प्रारंभिक पूछताछ में दोनों के उत्तर प्रदेश से शराब लेकर बिहार आने वाले तस्करों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह से जुड़े होने की बात सामने आई है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है.

धरहरा बाजार से मिली सफलता. लोगों की सूचना पर पुलिस ने दबोचा

जानकारी के अनुसार, रविवार की देर शाम धरहरा बाजार स्थित चुस्की चाय दुकान पर दो युवकों की गतिविधियां स्थानीय लोगों को संदिग्ध लगीं. लोगों ने तत्काल इसकी सूचना कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली. तलाशी के दौरान एक देसी कट्टा बरामद होने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.

दो बाइक और चार मोबाइल भी जब्त

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भोजपुर जिले के कारनामेपुर थाना क्षेत्र के देमलपुर गांव निवासी चंदन यादव तथा नैनीजोर थाना क्षेत्र के छोटकी नैनीजोर निवासी लवकुश तिवारी के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. बरामद सामान को जब्ती सूची में शामिल कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

शराब लूटने वाले गिरोह से जुड़े होने का खुलासा

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली है कि दोनों आरोपित नैनीजोर बांध के समीप उत्तर प्रदेश से शराब लेकर बिहार में प्रवेश करने वाले तस्करों को निशाना बनाकर शराब लूटने वाले गिरोह से जुड़े हैं. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, उसके नेटवर्क और पूर्व में हुई घटनाओं से इनके संबंधों की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों के खिलाफ अन्य थानों में कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं.

स्थानीय लोगों की सतर्कता से टली बड़ी वारदात

स्थानीय लोगों ने बताया कि समय रहते संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने से संभावित बड़ी घटना टल गई. लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए बाजार क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की.

आर्म्स एक्ट में केस दर्ज, दोनों भेजे गए जेल

प्रभारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड़ ने बताया कि दोनों आरोपितों के पास से बरामद देसी कट्टा जब्त कर लिया गया है. उनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पूछताछ के बाद सोमवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. मामले की जांच जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >