बक्सर जिला समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी (DM) साहिला की अध्यक्षता में पंचायती राज विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान विकास योजनाओं की धीमी प्रगति पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया और बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने वाले कार्यपालक अभियंता पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की.
बैठक से नदारद कार्यपालक अभियंता का वेतन स्थगित
समीक्षा बैठक से अनाधिकृत रूप से गायब रहने के कारण डीएम साहिला ने स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (LAEO), बक्सर के कार्यपालक अभियंता से स्पष्टीकरण (जवाब-तलब) मांगते हुए उनका वेतन भुगतान तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का आदेश जारी किया. डीएम की इस कड़ी कार्रवाई से लापरवाह अधिकारियों में हड़कंप मच गया है.
हर 15 दिन में समन्वय बैठक और योजनाओं में तेजी लाने का टास्क
जिलाधिकारी ने जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDOs) को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक 15 दिनों पर प्रखंड स्तरीय समन्वय समिति की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित करें. विभिन्न विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर पंचायती राज विभाग तथा ग्रामीण विकास की सभी लंबित योजनाओं को समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जाए.
नवनिर्मित पंचायत सरकार भवनों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का आदेश
डीएम साहिला ने सभी बीडीओ को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में जितने भी नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन तैयार हो चुके हैं, उनमें संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर बिजली, पानी, इंटरनेट और फर्नीचर जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं अविलंब उपलब्ध कराई जाएं, ताकि ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर ही सभी सरकारी सेवाएं सुचारू रूप से मिल सकें.
