डुमरांव अनुमंडल में डॉक्टरों की हड़ताल समाप्त, शनिवार से ओपीडी सेवा होगी बहाल

यह हड़ताल लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा, जिससे पूरे अनुमंडल की स्वास्थ्य व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई.

डुमरांव. सदर अस्पताल में डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना के विरोध में अनुमंडल क्षेत्र के सभी सरकारी अस्पतालों के चिकित्सकों ने सामूहिक रूप से हड़ताल कर दी थी. यह हड़ताल लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा, जिससे पूरे अनुमंडल की स्वास्थ्य व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई. अनुमंडल अस्पताल के साथ-साथ सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की ओपीडी सेवाओं का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया गया. हालांकि मरीजों की जान को देखते हुए आपातकालीन सेवाएं यथावत जारी रखी गयी. हड़ताल के कारण दो दिनों तक अस्पतालों में ओपीडी बंद रही, जिससे इलाज के लिए पहुंचे सैकड़ों मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से आए मरीज और उनके परिजन सुबह से अस्पताल परिसर में डॉक्टरों के आने की प्रतीक्षा करते रहे, लेकिन ओपीडी बंद होने के कारण उन्हें बिना इलाज कराए ही वापस लौटना पड़ा. कई मरीज ऐसे भी थे, जो निजी अस्पतालों का खर्च उठाने में असमर्थ थे और सरकारी अस्पताल पर ही निर्भर थे. इससे आमजन में काफी नाराजगी भी देखी गयी. हालांकि, गंभीर रूप से बीमार मरीजों को इमरजेंसी वार्ड में इलाज की सुविधा मिलती रही, जिससे कुछ हद तक राहत बनी रही. इमरजेंसी सेवाओं में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी ड्यूटी निभाई, ताकि किसी की जान को खतरा न हो. इसके बावजूद, नियमित जांच और परामर्श न मिलने से मरीजों की परेशानी कम नहीं हो सकी. शुक्रवार की दोपहर बाद प्रशासन और चिकित्सकों के बीच बातचीत के बाद हड़ताल को समाप्त करने पर सहमति बनी. इसे समझौते के रूप में समाप्त किया गया, जिसके बाद डॉक्टर वापस अपने कार्यस्थल पर लौट आए. अस्पताल प्रबंधन की ओर से यह जानकारी दी गयी कि शनिवार से सभी अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं सामान्य रूप से शुरू हो जाएंगी और मरीजों को नियमित इलाज मिल सकेगा. हड़ताल समाप्त होने की खबर से मरीजों और आम लोगों ने राहत की सांस ली है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amlesh prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >