सिमरी (बक्सर). प्रखंड अंतर्गत खरहाटांड पंचायत के महरौली गांव में आम रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच उपजा विवाद अंचल प्रशासन की तत्परता से शांत हो गया. एक पक्ष द्वारा सार्वजनिक रास्ते को अवरुद्ध किए जाने के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बन गई थी. सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी (सीओ) भगवती शंकर पाण्डेय प्रशासनिक व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से संवाद स्थापित कर बंद रास्ते को खुलवाया, जिससे आवागमन फिर से बहाल हो सका.
नक्शे की जांच के बाद खाली कराया गया बंद रास्ता
ग्रामीणों के अनुसार, महरौली गांव में लंबे समय से उपयोग में लाए जा रहे आम रास्ते को एक पक्ष द्वारा अचानक घेरकर बंद कर दिया गया था. इससे दूसरे पक्ष के ग्रामीणों को घर और खेत आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. विवाद गहराने पर पंचायत के मुखिया ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अंचल प्रशासन को अवगत कराया.
सूचना पर सीओ भगवती शंकर पाण्डेय, अंचल निरीक्षक (सीआई), राजस्व कर्मचारी तथा सिमरी थाने के पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे. प्रशासनिक टीम ने स्थल पर सरकारी नक्शे और राजस्व अभिलेखों के आधार पर रास्ते की स्थिति की पैमाइश व जांच की. इसके बाद दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर कानूनी पहलुओं से अवगत कराया गया. समझाने-बुझाने के बाद दोनों पक्ष सहमत हुए और प्रशासन ने अवरोध हटवाकर मार्ग को सुचारू कराया.
शांति व्यवस्था के लिए 107 की कार्रवाई और चौकीदार तैनात
सीओ भगवती शंकर पाण्डेय ने बताया कि रास्ता अवरुद्ध करने की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्ग खाली करा दिया गया है. भविष्य में पुनः विवाद या शांति भंग की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए दोनों पक्षों के संबंधित व्यक्तियों को चिन्हित कर थानाध्यक्ष सिमरी को धारा 107 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही गांव में निरंतर निगरानी बनाए रखने के लिए स्थानीय चौकीदार की प्रतिनियुक्ति की गई है. प्रशासन के अनुसार वर्तमान में गांव में पूरी तरह शांति है.
Also Read: बक्सर के नैनीजोर में मछली पकड़ने के दौरान नदी के भांगड़ में डूबा युवक, SDRF की टीम कर रही सघन तलाश
